उज्जैन,सिंहस्थ महापर्व 2028 के अंतर्गत दो तालाब (शिंदे नर्सिंग होम) से शांति नगर मुख्य मार्ग (महावीर मार्ग) तक प्रस्तावित मार्ग चौड़ीकरण कार्य से प्रभावित 53 परिवारों के पुनर्वास की दिशा में नगर निगम द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। इन परिवारों को पंवासा स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में भूखंड आवंटित करने के लिए शनिवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में महापौर श्री मुकेश टटवाल की उपस्थिति में पारदर्शी लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई। लॉटरी के माध्यम से सभी 53 प्रभावित परिवारों को भूखंड आवंटित किए गए*
*लॉटरी प्रक्रिया के पश्चात सभी प्रभावित परिवारों को पंवासा स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी का अवलोकन भी कराया जाएगा, जिससे वे वहां उपलब्ध सुविधाओं एवं आवासीय व्यवस्था की जानकारी प्राप्त कर सकें*
*सिंहस्थ के सफल आयोजन में सहयोग के लिए महापौर ने जताया आभार*
*इस अवसर पर महापौर श्री मुकेश टटवाल ने प्रभावित परिवारों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी परिवारों ने सिंहस्थ महापर्व 2028 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन तथा शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए मार्ग चौड़ीकरण कार्य में अपने मकानों को देने के लिए सहमति प्रदान की है। इसके लिए आप सभी परिवार धन्यवाद के पात्र हैं। नगर निगम आपकी सुविधाओं और पुनर्वास का पूरा ध्यान रखेगा तथा किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी*
*महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए पंवासा स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में भूखंडों की व्यवस्था की गई है। यह एक सुव्यवस्थित कॉलोनी है, जहां नागरिकों की सुविधा के लिए सड़क, पानी, प्रकाश, उद्यान सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। हमारा प्रयास है कि प्रभावित परिवारों को एक बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध हो और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े*
*इस दौरान एमआईसी सदस्य श्री सत्यनारायण चौहान, श्री प्रकाश शर्मा, श्री कैलाश प्रजापत, श्री जितेंद्र कुवाल, जोन अध्यक्ष श्री संग्राम सिंह भाटिया, अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर, उपायुक्त श्री मनोज मौर्य, सहायक आयुक्त श्री प्रफुल्ल गठरे, कार्यपालन यंत्री श्री जगदीश मालवीय एवं सहायक यंत्री श्री निर्झर शुक्ला उपस्थित रहे!