उज्जैन, आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश, भोपाल एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा अमानकध्मिलावटी खाद्य सामग्री विक्रय करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर नमूना कार्यवाही भी जारी है। सीएम हेल्पलाईन पर प्राप्त शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शिकायतकर्ता की उपस्थिति में श्री सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट देवास उज्जैन फोरलेन ग्राम पालखंदा तहसील व जिला उज्जैन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ता के पास खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन नहीं पाया गया एवं निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट में कमियाँ पाई गई। साथ ही मौके पर पनीर एवं बटर के नमूने लिये गये। उपरोक्त नमूनें जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गये। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात् नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी। बिना खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन के व्यवसाय करते पाये जाने पर मौके पर ही खाद्य अनुज्ञप्ति/पंजीयन प्राप्त करने तक खाद्य कारोबार बंद कराया गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन आमजन से अपील करता है कि वे केवल वैध लाइसेंस/पंजीयन वाले प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री क्रय करें तथा किसी भी संदिग्ध मिलावट या अमानक सामग्री की शिकायत संबंधित विभाग को तुरंत करें।