उज्जैन, पुलिस अधीक्षक उज्जैन के मार्गदर्शन में आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्गा पंडाल समितियों के पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्रीं संजू चौहान एवं थाना प्रभारी महाकाल श्री गगन बादल सहित पुलिस अधिकारी एवं दुर्गा पंडाल समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधिकारियों द्वारा समितियों को निम्न आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए-
*🔹 पंडाल एवं अनुमति*
* पंडाल स्थापना हेतु आवश्यक अनुमति प्राप्त कर ही आयोजन किया जाए।
* पंडाल इस प्रकार लगाया जाए कि आमजन एवं यातायात प्रभावित न हो।
* आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता हमेशा सुगम रखा जाए।
*🔹सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण*
* पंडाल में प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग एवं सुगम मार्ग रखें।
* भीड़ को नियंत्रित करने हेतु पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक तैनात करें।
* पंडाल परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं CCTV कैमरों की व्यवस्था रखें।
*🔹अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा*
* विद्युत वायरिंग सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखें तथा खुले तारों का उपयोग न करें।
* पंडाल में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखें।
* जनरेटर एवं विद्युत उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखें।
*🔹ध्वनि एवं DJ*
* लाउडस्पीकर/DJ का संचालन सक्षम अनुमति एवं निर्धारित नियमों के अनुसार ही करें।
* ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें।
* रात्रिकालीन ध्वनि संबंधी प्रतिबंधों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
*🔹महिला एवं बाल सुरक्षा*
* महिलाओं, बालिकाओं एवं बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
* किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
* बच्चों के गुम होने की स्थिति में तुरंत पुलिस/आयोजक समिति को सूचित करें।
*🔹कानून-व्यवस्था एवं सोशल मीडिया*
* किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।
* सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करें।
* संदिग्ध व्यक्ति अथवा लावारिस वस्तु दिखाई देने पर उसे न छुएं और पुलिस को सूचित करें।
*🔹यातायात एवं विसर्जन*
* पंडाल एवं आयोजन के दौरान सड़क पर अनावश्यक पार्किंग न होने दें।
* जुलूस/विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करें।
* यातायात एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पूर्ण सहयोग करें।
उज्जैन पुलिस द्वारा सभी दुर्गा पंडाल समितियों एवं श्रद्धालुओं से नवरात्रि पर्व को श्रद्धा, अनुशासन, शांति एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रचलित कानून के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*🔹उज्जैन पुलिस की अपील*
“आस्था के साथ जिम्मेदारी निभाएं – सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण नवरात्रि मनाएं।”