उज्जैन, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्राद्ध पक्ष में उमा-सांझी महोत्सव-2026 का आयोजन 06 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2026 तक श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया जा रहा है। महोत्सव के विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों एवं पारंपरिक आयोजनों में मंदिर के पुजारी एवं पुरोहितगण विधि-विधानपूर्वक किया जावेगा।
महोत्सव के दौरान मंदिर के पुजारी एवं पुरोहितगणों द्वारा प्राचीन सांझी जी की शिला पर प्रतिदिन आकर्षक एवं कलात्मक रंगोली सजाई जाएगी। साथ ही भगवान श्री महाकालेश्वर के विभिन्न स्वरूपों के मुखौटों से मनोहारी झांकियां सजाई जाएंगी। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित होने वाले इस महोत्सव में विभिन्न पूजन-अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पारंपरिक प्रतियोगिताएं श्री महाकाल महलोक में आयोजित की जाएंगी।
*प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम*
*06 अक्टूबर 2026, मंगलवार –घट स्थापना एवं वसंत पूजा*
संध्या आरती के पश्चात 21 ब्राह्मणों द्वारा वसंत पूजा की जाएगी। इसी दिन श्री महाकाल महालोक में लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें श्री संजय महाजन, खरगोन द्वारा लोक नृत्य समूह तथा श्रीमती ममता मिश्रा, नर्मदापुरम द्वारा लोक गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
*07 अक्टूबर 2026, बुधवार –चित्रकला प्रतियोगिता*
चित्रकला प्रतियोगिता के पश्चात सायंकाल लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें श्रीमती शीला त्रिपाठी, भोपाल द्वारा लोक गायन, डॉ. श्रीमती संजना चौहान, उज्जैन द्वारा लोक नृत्य समूह तथा सुश्री काव्या नागर, उज्जैन द्वारा लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
*08 अक्टूबर 2026, गुरुवार –श्लोक पाठ प्रतियोगिता*
श्लोक पाठ प्रतियोगिता के पश्चात सांस्कृतिक संध्या में सुश्री गायत्री धाकड़, मंदसौर एवं सुश्री शीतल अत्रे, इंदौर द्वारा लोक गायन तथा प्रतिभा संगीत कला संस्थान, उज्जैन द्वारा लोक नृत्य समूह की प्रस्तुति दी जाएगी।
*09 अक्टूबर 2026, शुक्रवार –रंगोली प्रतियोगिता*
रंगोली प्रतियोगिता के पश्चात सायंकाल लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इसमें सुश्री तृप्ति नागर, उज्जैन एवं सुश्री प्रियंका सेन मालव प्रेम नाट्य कला केंद्र, उज्जैन द्वारा लोक गायन तथा सुश्री सानिका साठे, जयपुर द्वारा लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
*10 अक्टूबर 2026, शनिवार –तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता एवं रात्रि जागरण*
तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता के साथ लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। इनमें श्री दिनेश कुमार धोलपुरे, शाजापुर द्वारा लोक गायन, सुश्री विनती जैन, उज्जैन द्वारा लोक नृत्य समूह तथा सुश्री हिया चौबे, उज्जैन द्वारा लोक नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसी दिन रात्रि 11:00 बजे से प्रातः 03:00 बजे तक सभामंडप में श्री जसवंत शर्मा (जस्सू गुरु) एवं मंडली द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं रात्रि जागरण किया जाएगा।
*प्रतिदिन सांझ का कार्यक्रम*
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सायं 05:00 से 06:30 बजे तक सभामंडप में श्री योगेश पुरंदरे ढोली बुआ महाराज, ग्वालियर एवं सहयोगियों द्वारा हरि कीर्तन किया जाएगा।
*11 अक्टूबर 2026, रविवार – कन्या पूजन एवं कन्या भोज*
श्री महाकालेश्वर निःशुल्क अन्नक्षेत्र में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का आयोजन किया जाएगा।
*12 अक्टूबर 2026, सोमवार –* उमा माता की सवारी एवं जवारे विसर्जन
सायं 04:00 बजे मंदिर के सभामंडप में पूजन के पश्चात मां उमा माता की पारंपरिक एवं भव्य सवारी निकाली जाएगी एवं जवारे विसर्जन किया जाएगा।