उज्जैन, भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनसेवा की भावना को साकार करते हुए भाजपा कार्यालय लोक शक्ति भवन, उज्जैन में निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम “सेवा मेरा योगदान” की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर नेत्रों की जांच करवाई और स्वास्थ्य सेवा का लाभ लिया।
मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा के अनुसार शिविर में शहर के जाने-माने नेत्र विशेषज्ञ डॉ. पराग शर्मा एवं डॉ. आभा जेथलिया द्वारा मरीजों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद लोगों को चश्मे भी वितरित किए गए। शिविर के माध्यम से लोगों को नेत्रों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच कराने तथा आंखों की देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा एवं निगम सभापति कलावती यादव ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहायता पहुंचाना भी संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
वक्ताओं ने कहा कि निःशुल्क नेत्र जांच शिविर जैसे सेवा कार्य समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। आर्थिक कारणों से कई लोग समय पर अपनी आंखों की जांच नहीं करा पाते। ऐसे शिविरों के माध्यम से उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध होती हैं और समय रहते नेत्र संबंधी समस्याओं का पता लगाकर उनका उपचार एवं उचित परामर्श संभव हो पाता है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल जाटवा, नगर महामंत्री जगदीश पांचाल, कार्यक्रम प्रभारी उमेशसिंह सेंगर, अनिल शिंदे , राजकुमार बंसीवाल, विजय चौधरी सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। शिविर में मरीजों की जांच, परामर्श एवं चश्मा वितरण की व्यवस्था व्यवस्थित रूप से की गई।