बाहरी और नगरीय क्षेत्र के वाहनों के लिए ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार मार्ग निर्धारित किए जाएंगे

उज्जैन, सिंहस्थ-2028 महापर्व के दौरान देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं एवं अन्य जिलों से आने वाले वाहनों के सुगम आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था के अनुरूप विभिन्न मार्ग निर्धारित किए जाएंगे। इसी के दृष्टिगत कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने रविवार को प्रस्तावित मार्ग निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एमपीआरडीसी, उज्जैन विकास प्राधिकरण एवं यातायात पुलिस के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नियमित निरीक्षण के क्रम में रविवार दोपहर को इंदौर रोड स्थित तपोभूमि चौराहा पहुंचकर अंडरपास के माध्यम से वाहनों के आवागमन, प्रस्तावित नए मार्ग निर्माण स्थल तथा सर्विस रोड़ का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित मार्गों की आवश्यकता, यातायात की संभावित स्थिति तथा सिंहस्थ के दौरान वाहनों के दबाव को ध्यान में रखते हुए की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद कलेक्टर श्री सिंह ने इंदौर रोड पर डीमार्ट के सामने प्रस्तावित यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर से आने वाले वाहनों को इंदौर रोड एवं महाकालेश्वर मंदिर की ओर जाने के लिए प्रस्तावित टर्निंग प्वाइंट का भी अवलोकन किया। इसी प्रकार महामृत्युंजय द्वार से नानाखेड़ा एवं इंदौर रोड की ओर जाने वाले वाहनों के लिए प्रस्तावित मार्ग तथा हरिफाटक ब्रिज के समीप यूनिटी मॉल से प्रस्तावित मार्ग को जोडऩे के लिए किए जाने वाले निर्माण कार्य के लिए स्थल का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित मार्गों के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर यातायात नियमों एवं वाहन चालकों की सुविधा के अनुरूप मार्गों पर आवश्यक साइनेज लगाने की योजना भी तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले वाहन शहर में प्रवेश करेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए स्पष्ट एवं सही दिशा-निर्देश उपलब्ध होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बाहरी वाहनों की आवाजाही के लिए निर्धारित मार्गों के साथ ही नगरीय क्षेत्र के स्थानीय वाहनों के आवागमन के लिए भी आवश्यकतानुसार सर्विस रोड एवं वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएं, ताकि सिंहस्थ के दौरान शहर के आंतरिक यातायात पर अनावश्यक दबाव न पड़े।कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए मार्गों की उपयोगिता, कनेक्टिविटी, यातायात दबाव और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के एएसपी श्री मनोज कुमार खत्री, यातायात डीएसपी श्री दिलीप सिंह परिहार, एसडीएम सहित एमपीआरडीसी, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अधिकारी, इंजीनियर तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।