उज्जैन, प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर नगर की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना के लिए शासकीय नगर पूजा का आयोजन परंपरानुसार किया जाता है। इस वर्ष शासकीय नगर पूजा का आयोजन सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7 बजे किया जाएगा।
नगर पूजा का शुभारंभ श्री चौबीस खम्बा माता मंदिर में जिला कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया जाएगा। इस दौरान माता को मदिरा की धार अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात नगर पूजा की पारंपरिक यात्रा प्रारंभ होगी।
नगर पूजा के दौरान नगर के लगभग 40 छोटे-बड़े मंदिरों में पूजन-अर्चन किया जाएगा। यह धार्मिक यात्रा विभिन्न मंदिरों में पूजा की परंपरा का निर्वहन करते हुए रात्रि में हांडी फोड़ भैरव मंदिर पर पहुंचकर संपन्न होगी।
शासकीय नगर पूजा उज्जैन की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह आयोजन नगर की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना के साथ प्रतिवर्ष श्रद्धा और परंपरागत विधि-विधान से संपन्न किया जाता है।