उज्जैन,सिंहस्थ-2028 के आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के साथ श्रद्धालुओं के लिए आवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे है। सिंहस्थ-2028 के दौरान टेंट सिटी विकसित किए जाने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श के लिए संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह की उपस्थिति में किसानों एवं प्रशासन के बीच बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय किसान, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा पर्यटन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में पर्यटन विभाग के सहयोग एवं स्थानीय किसानों की सक्रिय सहभागिता से सिंहस्थ-2028 के दौरान टेंट सिटी विकसित करने के संबंध में सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में टेंट सिटी के संभावित विकास, संचालन एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में किसानों की भूमि, सुविधाओं एवं हितों को प्राथमिकता देते हुए टेंट सिटी के विकास की कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से किसानों को टेंट सिटी की अवधारणा, संभावित व्यवस्थाओं तथा इससे मिलने वाले अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित किसानों से उनके सुझाव, अपेक्षाएं एवं आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की गई। किसानों ने टेंट सिटी विकसित करने की पहल में रुचि व्यक्त करते हुए अपनी सहभागिता के लिए सकारात्मक सहमति जताई। किसानों ने भूमि के उपयोग, आवश्यक सुविधाओं, संचालन व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी साझा किए। उनके सुझावों एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से आगामी कार्ययोजना तैयार किए जाने पर चर्चा हुई। बैठक में अपर मेला अधिकारी श्री ओम प्रकाश सनोडिया, एमपीआईडीसी के निदेशक श्री राजेश राठौर, एएसपी श्री मनोज खत्री सहित पर्यटन विकास निगम के अधिकारी एवं क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।