महर्षि वाल्मीकि जयंती पर वाल्मीकि धाम में आज होंगे विभिन्न कार्यक्रम

उज्जैन, भगवान महर्षि वाल्मीकि जी के प्रकटोत्सव के पावन अवसर पर श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। सांसद बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज के निज सचिव ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा आश्रम पहुंचकर महर्षि वाल्मीकि जी को माल्यार्पण किया जाना भी प्रस्तावित है।

उल्लेखनीय है कि उज्जैन स्थित श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पर वर्षों से महर्षि वाल्मीकि जयंती का पवित्र पर्व मनाया जाता रहा है। इस वर्ष भी शरद पूर्णिमा (26 अक्टूबर 2026) को यह कार्यक्रम राज्यसभा सांसद एवं संत बालयोगी श्री उमेशनाथ जी महाराज के पावन सानिध्य में संपूर्ण वाल्मीकि समाज के भक्तों एवं समस्त प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति में मनाया जाएगा।

कार्यक्रम प्रातःकाल से लेकर शाम तक विभिन्न आयोजनों के साथ चलेगा। सुबह वाल्मीकेश्वर महादेव एवं कमलेश्वर जी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा तथा समाधि वाले बाबा को चादर अर्पित की जाएगी। इसके पश्चात शहर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा शोभायात्राएं वाल्मीकि धाम पहुंचेंगी।

शाम 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भगवान महर्षि वाल्मीकि जी को माल्यार्पण किया जाना प्रस्तावित है ।

इस अवसर पर उज्जैन के टावर चौक स्थित अंबेडकर प्रतिमा से युवा-युवतियों की एक भव्य वाहन रैली निकलेगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पहुंचेगी। दूसरी यात्रा ऐतिहासिक क्षिप्रा तट पर स्थित रामघाट गोगा देव मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के मार्गों से होती हुई वाल्मीकि धाम पहुंचेगी। यात्राओं में महर्षि वाल्मीकि जी की भव्य झांकियां भी शामिल रहेंगी।

इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों, नगरों एवं कस्बों से बड़ी संख्या में समाजजन आश्रम पहुंचेंगे। आश्रम पर भव्य भोजन भंडारे का भी आयोजन किया गया है।