उज्जैन, युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने एवं अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से उज्जैन पुलिस द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना चिमनगंज मंडी पुलिस ने उज्जैन–गरोठ सर्विस रोड स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर उसके कब्जे से 20 ग्राम MD ड्रग्स बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2,00,000/- है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
दिनांक 28.10.2026 की रात्रि में थाना चिमनगंज मंडी पुलिस की टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान उज्जैन–गरोठ सर्विस रोड पर कार्मल कॉन्वेंट स्कूल के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम राकेश हिलोरिया, निवासी ग्राम महुआ, थाना सीतामऊ, जिला मंदसौर बताया। स्वतंत्र पंचों की उपस्थिति में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की दाहिनी जेब से एक पारदर्शी जिपर पॉलीथिन में रखा सफेद-भूरे रंग का संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे से वजन करने पर पदार्थ का कुल वजन 20 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹2 लाख है। आरोपी से मादक पदार्थ रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर उसके पास कोई दस्तावेज नहीं होना बताया गया। पुलिस ने 20 ग्राम MD ड्रग्स एवं विवो V29 5G मोबाइल फोन को विधिवत जब्त कर सीलबंद किया। जब्ती की कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कराई गई। आरोपी को गिरफ्तार कर अपराध धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
*🔹आरोपी का विवरण*
* नाम: राकेश पिता गोवर्धन हिलोरिया
* उम्र: 42 वर्ष
* निवासी: ग्राम महुआ, थाना सीतामऊ, जिला मंदसौर, मध्यप्रदेश।
*🔹सराहनीय भूमिका*
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी श्री अशोक पाटीदार, उप निरीक्षक दिनेश भाट, सहायक उप निरीक्षक दिनेश सारोठिया, आरक्षक नरेंद्र पाटीदार, आरक्षक आनंद मिश्रा एवं आरक्षक जगदीश गेहलोत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*🔹उज्जैन पुलिस की अपील*
नशा समाज एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार एवं नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।