महिला कबड्डी प्रतियोगिता में उज्जैन जिले को मिली सफलता

उज्जैन,कबड्डी का खेल भारतीय ज्ञान परंपरा का एक अंग है । यह खेल शारीरिक रूप से सक्षम बनाता है और मानसिक शक्ति भी प्रदान करता है । हमें इसे प्रोत्साहित करना चाहिए । आप सभी खिलाड़ियों से अनुरोध है कि आप खेल के नियमों का पालन करते हुए अनुशासन के साथ खेल खेलें और आनन्द प्राप्त करें । आप खेलते हुए अन्य खिलाड़ियों के प्रति मैत्री भाव बनाए रखें । इसी तरह जीवन में आनंद आएगा । खेल प्रतियोगिता में खेल भावना और अनुशासन सर्वोपरि है । ये उद्गार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय माधव महाविद्यालय में मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ कल्पना वीरेन्द्र सिंह ने व्यक्त किए । शासकीय महाविद्यालय उन्हेल से आए क्रीड़ा अधिकारी श्री आर के कौरव ने कहा कि माधव महाविद्यालय द्वारा इस सत्र में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं । हर आयोजन में गुणवत्ता दिखाई देती है । इसके लिए महाविद्यालय प्रशासन बधाई का पात्र है । अवन्ति मंडपम में आयोजित इस प्रतियोगिता में शासकीय माधव महाविद्यालय के क्रीडा अधिकारी श्री नवीन कोरट ने सम्पूर्ण आयोजन का प्रबन्ध किया ।
इस अवसर पर शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उज्जैन की क्रीड़ा अधिकारी डॉ संगीता कारलेकर और खेल विशेषज्ञ रैफरी श्री बलवान सिंह पँवार विशेष रूप से उपस्थित रहे और आयोजन में अपना योगदान दिया । इस प्रतियोगिता में संभाग के मंदसौर, आगर, शाजापुर, देवास, रतलाम, उज्जैन और नीमच जिलों से टीमें शामिल रहीं । इनमें से फाइनल मुकाबला उज्जैन और रतलाम जिले की टीमों के बीच हुआ, जिसमें उज्जैन की टीम विजेता रही और रतलाम जिले की टीम उपविजेता रही । विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को प्राचार्य डॉ कल्पना सिंह ने पुरस्कृत किया । राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया
। संचालन किया डॉ रीना अर्थव्यु ने । आयोजक माधव महाविद्यालय उज्जैन के डॉ बी एस अखण्ड, डॉ दिनेश जोशी, डॉ रफ़ीक नागौरी, प्रो आयुषी सूर्यवंशी, प्रो लाखन सिंह कुशवाह, डॉ नलिनी तिलकर, प्रो रायसिंह सोलंकी, डॉ मोहित सोलंकी,प्रो नुसरत सुल्ताना, डॉ संदीप लांडे आदि भी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाई!