उज्जैन,नगर निगम द्वारा होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों में अपशिष्ट प्रबंधन तथा सफाई कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में रविवार को नगर निगम उज्जैन के अधिकारियों द्वारा बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) इकाई अपना स्वीट्स, होटल आश्रय एवं होटल सममारा का विशेष निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य इकाई में अपशिष्ट प्रबंधन, नियमित साफ-सफाई, मशीनों के संचालन एवं कर्मचारियों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का परीक्षण करना रहा*
*निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री पवन कुमार सिंह, उपायुक्त श्री योगेंद्र सिंह पटेल, उपायुक्त श्री संजेश गुप्ता, सहायक आयुक्त श्री रविकांत मगरदे तथा टीम फीडबैक फाउंडेशन के प्रतिनिधियों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे*
*अधिकारियों द्वारा इकाई में संचालित अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इस दौरान टैंकों की सफाई, टैंकों पर ढक्कनों की उपलब्धता, नियमित रखरखाव, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था तथा संबंधित मशीनों के सुचारु संचालन का परीक्षण किया गया। निरीक्षण में सामने आई कमियों को गंभीरता से लेते हुए व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए*
*अधिकारियों ने निर्देशित किया कि बल्क वेस्ट जनरेटर इकाइयों में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। टैंकों एवं चैंबरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही उनके ढक्कन व्यवस्थित रखे जाएं। किसी भी प्रकार का सफाई कार्य करते समय कर्मचारियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य रूप से करवाया जाए। सभी संबंधित मशीनों का नियमित रखरखाव करते हुए उनका सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए*
*नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर के अन्य होटल, रेस्टोरेंट एवं बल्क वेस्ट जनरेटर प्रतिष्ठानों का भी नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा। सभी प्रतिष्ठानों को अपशिष्ट प्रबंधन एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में लापरवाही अथवा निर्धारित व्यवस्थाओं में कमी पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी*
*नगर निगम का उद्देश्य शहर में बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही सफाई कार्यों में लगे प्रत्येक कर्मचारी की सुरक्षा को प्राथमिकता देना है!