उज्जैन, भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी अभियान “लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान” के अंतर्गत भाजपा नगर जिला उज्जैन द्वारा एक निजी होटल में प्रमुख नागरिक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने की। गोष्ठी में मुख्य वक्ता विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा रहे।
कार्यक्रम में मंच पर महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल, मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष श्री ओम जैन, भाजपा महामंत्री श्री जगदीश पांचाल, श्री आनंदसिंह खींची एवं श्री कमलेश बैरवा उपस्थित रहे।
*विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कांग्रेस पर साधा निशाना*
मुख्य वक्ता विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा ने अपने संबोधन में कांग्रेस की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रबुद्ध नागरिकों के बीच यह चर्चा होना आवश्यक है कि वर्तमान विवादों के पीछे वास्तविक मुद्दे क्या हैं। केवल सतही घटनाओं को देखकर निष्कर्ष निकालने के बजाय उनके मूल कारणों को समझने की आवश्यकता है। समाज को भी इस विषय पर आत्मचिंतन करना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संगठन और शक्तियां भारत में सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देने, जाति एवं पंथ के आधार पर समाज को बांटने तथा धार्मिक संघर्ष की परिस्थितियां उत्पन्न करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने विदेशी धरती से संचालित कुछ संगठनों की गतिविधियों और उनकी कथित फंडिंग पर भी सवाल उठाए।
श्री कालूहेड़ा ने बांग्लादेश सहित अन्य देशों में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को अस्थिर करने वाली गतिविधियों के प्रति समाज को सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत में ऐसी अराजक गतिविधियों को सफल नहीं होने देना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता आवश्यक है।
उन्होंने छात्र संगठनों एवं उनसे जुड़े कुछ व्यक्तियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता के विरुद्ध दिए जाने वाले बयानों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को तथ्यों के आधार पर घटनाओं का मूल्यांकन करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।
संजय अग्रवाल एवं कलावती यादव ने भी रखे विचार
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल एवं नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जनजागरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
गोष्ठी में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी सहित शहर के अनेक प्रमुख नागरिक उपस्थित रहे।
