खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती,मावा, घी, मिठाई, तेल आदि खाद्य पदार्थों पर सघन निगरानी

उज्जैन,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा अमानक या मिलावटी खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है।

त्योहारों को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा मावा, घी, मिठाई, तेल आदि खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभागीय टीम द्वारा मावा, घी, मिठाई, नमकीन आदि के निर्माण एवं विक्रय स्थलों की जांच की जा रही है। नमूने लेने से पूर्व खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान के लिए प्रारंभिक परीक्षण भी किए जा रहे हैं।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु विभाग द्वारा उज्जैन शहर में विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने संग्रहित किए गए। इनमें अवंतिका मावा भंडार, चंद्रशेखर आजाद मार्ग, उज्जैन से मावा का नमूना; श्री महाकालेश्वर मिष्ठान, संतराम सिंधी कॉलोनी, उज्जैन से मावा पेड़ा, मावा चॉकलेट बर्फी एवं मलाई बर्फी के नमूने तथा गोपाला डेयरी एंड स्वीट्स, सिंधी कॉलोनी, उज्जैन से मावा, घी, मिल्क केक एवं गुजिया के नमूने शामिल हैं।

उपरोक्त सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग आमजन से अपील करता है कि वे केवल वैध लाइसेंस या पंजीयन वाले प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध मिलावट या अमानक सामग्री के संबंध में खाद्य सुरक्षा विभाग को तुरंत शिकायत करें।