स्वच्छता के लिए दीपावली की मध्य रात्रि को मैदान में उतरेगा नगर निगम का स्वास्थ्य अमला, सुबह 6 बजे से पहले पूरे शहर की सफाई का लक्ष्य

उज्जैन,दीपावली का पर्व शहरवासी पूरे उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाएंगे। त्योहार के बाद शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम उज्जैन द्वारा विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। दीपावली के अगले दिन 09 नवंबर की सुबह जब शहरवासी सोकर उठेंगे, तब उन्हें अपना उज्जैन साफ-सुथरा और चकाचक नजर आए, इस उद्देश्य से नगर निगम का स्वास्थ्य विभाग पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगा*
*इस संबंध में शनिवार को ग्रांड होटल पर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने निगम अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ स्टैंडअप मीटिंग आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि दीपावली की रात स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला सफाई मित्रों, वाहनों एवं आवश्यक संसाधनों के साथ रात्रि से फील्ड में उपस्थित रहेगा तथा सुबह 6 बजे से पहले शहर की सड़कों, गलियों और मोहल्लों की सफाई सुनिश्चित करेगा*
*आयुक्त श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि इस कार्य को मिशन मोड पर अभियान के रूप में संचालित किया जाए। प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक गली और मोहल्ले में विशेष सफाई व्यवस्था की जाए। स्वास्थ्य विभाग का संपूर्ण स्टाफ, कचरा कलेक्शन वाहन एवं अन्य आवश्यक संसाधन निर्धारित समय पर मैदान में रहें, ताकि दीपावली के अगले दिन सुबह संपूर्ण शहर स्वच्छ एवं व्यवस्थित नजर आए। उन्होंने कहा कि यह नगर निगम के लिए एक अनूठा प्रयास है, जिसे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ सफल बनाएं*
*निगम आयुक्त ने सफाई मित्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि सफाई कार्य के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। सभी अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक, दरोगा अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित समय सीमा में सफाई कार्य पूर्ण हो*

*शहरवासियों से भी की सहयोग की अपील*

*नगर निगम द्वारा समस्त शहरवासियों से अपील की गई है कि दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाने के साथ ही स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखें। पटाखे जलाने के बाद उनसे निकलने वाले कचरे को एक निश्चित स्थान पर एकत्रित करें, ताकि सफाई मित्रों द्वारा उसे आसानी से एकत्रित कर सकें। पटाखों के अवशेष एवं अन्य कचरे को खुले में न जलाएं। पर्यावरण संरक्षण और शहर की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए नगर निगम के इस विशेष स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं*
*स्टैंडअप मीटिंग में अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर, श्री पवन कुमार सिंह, उपायुक्त श्री योगेंद्र सिंह पटेल, श्री संजेश गुप्ता, श्री मनोज मौर्य, सहायक आयुक्त श्री प्रफुल्ल गठरे, श्री राघवेंद्र सिंह पालिया, श्री रविकांत मगरदे, श्री घनश्याम मचार, श्री पवन कुमार फुलफकीर, जोनल अधिकारी गण, कार्यपालन यंत्री, स्वास्थ्य अधिकारी, समस्त जोन के स्वच्छता निरीक्षक एवं दरोगा उपस्थित रहे!