उज्जैन को मिला स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में(3 से 10 लाख जनसंख्या श्रेणी) राष्ट्रीय प्रथम स्थान का गौरव

उज्जैन,बाबा महाकाल की पावन नगरी उज्जैन ने स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2025-26 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 3 से 10 लाख जनसंख्या वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने दिल्ली में आयोजित समारोह में उज्जैन शहर को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया।

इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में बुधवार शाम 4 बजे नगर निगम मुख्यालय स्थित परिषद हॉल में दिल्ली के पुरस्कार समारोह का सीधा प्रसारण किया गया।

इसके पश्चात नगर निगम परिसर में इस ऐतिहासिक सफलता का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सफाई मित्रों ने एक-दूसरे को बधाई दी तथा हर्ष व्यक्त किया।

शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों का विशेष सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने उन्हें मिठाई खिलाकर तथा पुष्पमालाएं पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।

यह राष्ट्रीय सम्मान केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि उज्जैन के प्रत्येक नागरिक, सफाई मित्र और स्वच्छता कर्मी के निरंतर परिश्रम, समर्पण तथा सामूहिक सहभागिता का परिणाम है। सभी के संयुक्त प्रयासों से ही बाबा महाकाल की नगरी ने स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री रजत मेहता, डॉ. योगेश्वरी राठौर, पार्षद श्री शिवेंद्र तिवारी, श्री पंकज चौधरी, अपर आयुक्त श्री पवन कुमार सिंह, उपायुक्त श्री संजेश गुप्ता, श्री मनोज मौर्य, सहायक आयुक्त श्री प्रफुल्ल गठरे, जोनल अधिकारी श्री सुनील जैन, स्वास्थ्य अधिकारी श्री हरीश व्यास सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।