निरीक्षण के दौरान मिलीं अनियमितताएं, नगर निगम ने किया 75 हजार रुपये का जुर्माना

उज्जैन, नगर पालिक निगम उज्जैन द्वारा शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) इकाइयों का निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम द्वारा शुक्रवार को फ्रीगंज स्थित बनाना लीफ, इंदौर रोड स्थित सागर रेस्टोरेंट एवं मठ भोला गुरु का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के अंतर्गत निर्धारित मानकों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की गई। इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर निगम अधिकारियों द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित होटल के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 75 हजार रुपए का जुर्माना किया गया*
*निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि होटल परिसर में चार प्रकार के कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण नहीं किया जा रहा था। जैविक कचरे के प्रसंस्करण के लिए कम्पोस्टिंग व्यवस्था एवं अन्य संसाधन खराब स्थिति में मिले तथा कम्पोस्टर बिन में मिश्रित कचरा पाया गया। इसके अतिरिक्त दैनिक अपशिष्ट प्रबंधन का रिकॉर्ड एवं लॉगबुक उपलब्ध नहीं थी। सूखे एवं पुनर्चक्रण योग्य कचरे के उचित भंडारण तथा उससे संबंधित रिकॉर्ड का भी अभाव पाया गया*
*इसी प्रकार बायोमेडिकल कचरे का निर्धारित नियमों के अनुसार प्रबंधन नहीं किया जा रहा था। होटल का एसटीपी प्लांट भी संतोषजनक स्थिति में नहीं मिला। एसटीपी से निकलने वाले पानी के निस्तारण की व्यवस्था उचित नहीं थी तथा वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई*
*निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को पंचनामे में दर्ज करते हुए संबंधित प्रतिष्ठान को अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने तथा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए*
*निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त एवं एसबीएम नोडल अधिकारी श्री रविकांत मगरदे, स्वास्थ्य अधिकारी श्री आनंद विजय सिंह राठौर एवं स्वच्छता निरीक्षक श्री राजेश लौट, श्री इदरीश खान उपस्थित रहे*
*नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बल्क वेस्ट जनरेटर इकाइयों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करना अनिवार्य है। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी!