परंपरागत कार्तिक मेले का आज होगा शुभारंभ

उज्जैन,नगर निगम द्वारा क्षिप्रा नदी के पावन तट पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले परंपरागत कार्तिक मेले का शुभारंभ सोमवार, 23 नवंबर को सायं 7 बजे किया जाएगा। कार्तिक मेला आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर रविवार को नगर निगम मुख्यालय स्थित भारत रत्न पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह में कार्तिक मेला केंद्रीय समिति की बैठक आयोजित की गई*
*बैठक में समिति संरक्षक एवं महापौर श्री मुकेश टटवाल, संयोजक एवं निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव, निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा, सहसंयोजक एवं नेता प्रतिपक्ष श्री रवि राय, एमआईसी सदस्य, विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सहसंयोजक उपस्थित रहे*
*बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मेले में आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समन्वय से भीड़ प्रबंधन, व्यवस्थित पार्किंग, पेयजल, सुरक्षा एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संपूर्ण मेला क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से शासन की जनहितैषी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाने की बात कही गई, जिससे नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त हो सके*

*ग्रामीण जनों की रुचि के अनुरूप होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम*

*महापौर श्री मुकेश टटवाल ने कहा कि मेले के प्रारंभिक तीन-चार दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक मेले में आते हैं। इसे दृष्टिगत रखते हुए उनके अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। मेले में तेजाजी की कथा एवं माच जैसे पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। उन्होंने संपूर्ण मेला क्षेत्र में पेयजल, सुरक्षा एवं साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी समितियों को शीघ्र बैठक कर कार्यक्रम तय करने के निर्देश दिए*

*कार्तिक मेला शहर की पहचान, व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए*

*निगम अध्यक्ष श्रीमती कलावती यादव ने कहा कि कार्तिक मेला उज्जैन शहर की पहचान है। मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन गरिमापूर्ण तरीके से किया जाए। आपने कहा कि मेले में ऐसे कार्यक्रम आयोजित हों, जिन्हें देखने के लिए शहरवासी उत्साहपूर्वक आएं। पूरे माह आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार किया जाए, ताकि प्रत्येक कार्यक्रम के अनुसार अतिथियों को आमंत्रित कर व्यवस्थित आयोजन किया जा सके*

*सिंहस्थ 2028 के विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगेगी*

*निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कार्तिक मेले में सिंहस्थ महापर्व 2028 के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार शहर में किए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों तथा मार्ग चौड़ीकरण कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही कपिला गौशाला में किए जा रहे विकास कार्यों एवं हरियाखेड़ी प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। अन्य विभागों द्वारा भी शासन की महत्वपूर्ण जनहितैषी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी*

*छोटी रपट से वैकल्पिक पैदल मार्ग उपलब्ध रहेगा*

*मेले में नागरिकों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए छोटी रपट के समीप से वैकल्पिक पैदल मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नागरिक आसानी से मेला क्षेत्र में पहुंच सकेंगे*

*बैठक में एमआईसी सदस्य श्री प्रकाश शर्मा, श्री कैलाश प्रजापत, श्री जितेंद्र कुवाल, श्री अनिल गुप्ता, डॉ. योगेश्वरी राठौर, जोन अध्यक्ष श्री सुशील श्रीवास, श्री सुरेंद्र मेहर, पार्षद श्री शिवेंद्र तिवारी, श्री दिलीप परमार, श्री पंकज चौधरी, श्री गजेंद्र हिरवे, श्रीमती अंजलि बालकृष्ण पटेल, श्रीमती नीलम राजा कालरा, श्री इमरान खान, श्री छोटेलाल मंडलोई सहित अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर, श्री पवन कुमार सिंह, उपायुक्त श्री योगेंद्र सिंह पटेल, श्री संजेश गुप्ता, श्री मनोज मौर्य एवं विभिन्न समितियों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे!