उज्जैन, सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल धार्मिक आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से उज्जैन पुलिस द्वारा पुलिस बल की क्षमता विकास एवं दक्षता बढ़ाने के लिए चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT) के दो बैच सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं। इन बैचों से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा अब तक प्रदेश में कुल 35,460 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। प्रशिक्षण के इस महत्वपूर्ण चरण के पश्चात सिंहस्थ की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से अब पुलिसकर्मियों को भूमिका आधारित प्रशिक्षण (Role-Based Training) दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज भूमिका आधारित प्रशिक्षण के प्रथम बैच का शुभारंभ किया गया। इस बैच में लगभग 192 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सहभागिता कर रहे हैं। आगामी 7 दिनों तक श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर एवं वहां संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का व्यावहारिक अध्ययन कराते हुए प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
*🔹 7 दिवसीय प्रशिक्षण में विभिन्न पहलुओं पर विशेष फोकस*
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था, श्रद्धालुओं का आवागमन, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, कतार प्रबंधन, संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, भगदड़ जैसी परिस्थितियों की रोकथाम, खोया-पाया प्रबंधन, महिला एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को अलग-अलग परिस्थितियों में विभिन्न पुलिस भूमिकाओं का निर्वहन कराकर उनकी निर्णय क्षमता, नेतृत्व कौशल, संवाद एवं त्वरित रिस्पॉन्स की दक्षता विकसित की जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि वास्तविक परिस्थितियों में प्रभावी पुलिसिंग एवं बेहतर भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल को पूरी तरह तैयार करना है।
*🔹 वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रतिभागियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन*
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन श्री राकेश गुप्ता एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री नवनीत भसीन द्वारा प्रतिभागियों को संबोधित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को पूर्ण उत्साह, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भूमिका आधारित प्रशिक्षण के उद्देश्यों एवं इसकी उपयोगिता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक उज्जैन श्री प्रदीप शर्मा द्वारा सिंहस्थ-2028 का संक्षिप्त परिचय देते हुए सिंहस्थ के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं व्यवस्थागत महत्व तथा इतने विशाल आयोजन के दौरान पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने एवं प्राप्त अनुभवों का आगामी सिंहस्थ आयोजन में प्रभावी रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक PTS उज्जैन श्रीमती मनीषा पाठक सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री करणदीप सिंह, श्री मनस्वी शर्मा, श्री गुरु प्रसाद परासर, श्री आलोक शर्मा एवं श्री मनोज खत्री सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
*🔹 प्रशिक्षण से लेकर व्यावहारिक दक्षता तक – सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में उज्जैन पुलिस की दूरदर्शी पहल*
सिंहस्थ-2028 में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। इसी दृष्टिकोण से पहले TOT के माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स तैयार किए गए, जिनके द्वारा प्रदेश में अब तक 35,460 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
अब इसी प्रशिक्षण को अगले स्तर पर ले जाते हुए भूमिका आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों में अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए तैयार किया जा रहा है। इससे पुलिस बल की व्यावहारिक दक्षता, आपसी समन्वय, निर्णय क्षमता एवं त्वरित प्रतिक्रिया में और अधिक सुधार होगा।
उज्जैन पुलिस का लक्ष्य सिंहस्थ-2028 में प्रत्येक पुलिसकर्मी को उसकी निर्धारित भूमिका के अनुरूप प्रशिक्षित कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करना है।