प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकले भगवान श्री महाकालेश्वर,कार्तिक माह में दूसरी सवारी

उज्‍जैन,कार्तिक माह में भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर जी रजत पालकी में विराजित होकर प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकले भगवान श्री महाकालेश्वर की दूसरी सवारी भव्य रूप से निकाली गयी सवारी निकलने के पूर्व श्री महाकालेश्वर मंदिर के सभामण्डप में भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर जी का विधिवत पूजन – अर्चन किया गया। पूजन पुजारी आशीष शर्मा द्वारा किया गया।

सवारी जैसे ही मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, पालकी में विराजित भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर जी को पुलिस के जवानों द्वारा सलामी दी गयी। तत्पश्चारत भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर अपनी प्रजा का हाल जानने भ्रमण पर निकले।

कार्तिक माह की दूसरी सवारी विधिवत पूजन- अर्चन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर से गुदरी चोराहा , बक्षी बाजार, कहारवाडी होते हुए रामघाट क्षिप्रा तट पहुंची। जहॉ पर भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर जी का माँ क्षिप्रा के जल से पूजन किया गया। पूजन के पश्चात सवारी रामघाट से गणगौर दरवाजा, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिेक चोक , खाती का मंदिर, सत्य-नारायण मंदिर, ढाबा रोड, छत्री चौक, गोपाल मंदिर पहुची । गोपाल मंदिर पर पूजन पश्यात सवारी पटनी बाजार, गुदरी चौराहा होते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर जी का सवारी मार्ग पर खडें श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ लिया।

भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर जी की सवारी के आगे-आगे मंदिर प्रचार वाहन,तोपची कड़ाबीन के माध्यम से राजाधिराज के आगमन की सूचना देते हुए चल रहे थे। सवारी में मंदिर के पुजारी एवं पुरोहित, श्री महाकालेश्‍वर मंदिर बैण्‍ड, पुलिस बैंड, घुडसवार दल, सशस्त्र पुलिस बल के जवान, भजन मंडलियॉ व धर्मपरायण जनता भगवान श्री महाकालेश्वर का गुणगान करते चल रहे थे।

सवारी में मंदिर प्रबंध समिति के कलेक्टर एवं अध्यक्ष श्री रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्‍टर श्री प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा आदि उपस्थित थे।

इसी क्रम में परंपरानुसार श्री महाकालेश्वर भगवान की कार्तिक एवं अगहन (मार्गशीर्ष) माह में निकलने वाली श्री महाकालेश्वर भगवान की सवारियॉ क्रमशः तृतीय सवारी – सोमवार, 30 नवम्बर 2026 एवं चतुर्थ सवारी (राजसी सवारी) – सोमवार, 07 दिसम्बर 2026 को होगी।