क्षेत्र में दहशत फैलाकर अवैध वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन, उज्जैन जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा आमजन को डराकर अवैध वसूली करने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

*घटना क्रमांक 01 – नाबालिग बालक से रुपयों की मांग एवं मारपीट*—

दिनांक 23.11.2026 को फरियादी उम्र 15 वर्ष निवासी बापू नगर, उज्जैन अपनी नानी के घर से अपने घर जा रहा था। रात्रि में बापू नगर चौराहे पर आरोपी पवन डागर एवं उसके साथी अनुज दीक्षित ने उसे रोककर शराब पीने के लिए 1,000 रुपये की मांग की। फरियादी द्वारा रुपये देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौच करते हुए थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके सीने में चोट आई। आरोपियों ने जाते समय जान से खत्म करने की धमकी भी दी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना चिमनगंज मंडी में अपराध क्रमांक 864/2026 धारा 119(1), 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

🔹*घटना क्रमांक 02 – पानी-पताशे का ठेला लगाने वाले से हफ्ता मांगकर मारपीट एवं धमकी*—

दिनांक 14.11.2026 को फरियादी इमरत सिंह दोहरे निवासी सईद नगर, उज्जैन अपना पानी-पताशे का ठेला लेकर घर पहुंचा। इसी दौरान आरोपी पवन डागर अपने दो साथियों के साथ फरियादी के घर के सामने पहुंचा तथा स्वयं को सईद नगर का दादा बताते हुए ठेला लगाने के एवज में 2,000 रुपये प्रतिमाह/हफ्ता देने की मांग की। फरियादी द्वारा रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच की तथा आरोपी पवन डागर ने थप्पड़ मारकर चोट पहुंचाई। साथ ही रुपये नहीं देने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना चिमनगंज मंडी में अपराध क्रमांक 835/2026 धारा 119(1), 296(A), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

🔹*पुलिस कार्रवाई* –
दोनों प्रकरणों में आरोपी पवन की संलिप्तता सामने आने पर थाना चिमनगंज मंडी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश की गई तथा दोनों प्रकरणों में आरोपी पवन एवं उसके साथी अनुज को गिरफ्तार किया गया। प्रकरणों में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है

*सराहनीय भूमिका* –
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पाटीदार, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह मंडलोई, प्रधान आरक्षक 1656 राजेन्द्र सिंगाड़, आरक्षक 1105 सोहन वर्मा, आरक्षक 1553 वीर सिंह यादव, आरक्षक 1621 मनोज मोहोबे एवं आरक्षक 1767 नरेन्द्र सिंह राणावत की सराहनीय भूमिका रही।