श्री महाकालेश्वर मंदिर में अनधिकृत शूटिंग एवं व्यावसायिक रील बनाने के झूठे दावों पर समिति की सख्त कार्रवाई, स्ट्रिंग ऑपरेशन कर तीन व्यक्तियों को पकड़ा

उज्जैन,श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा मंदिर परिसर में अनधिकृत रूप से फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने तथा व्यावसायिक तौर पर रील बनाने के झूठे दावे कर श्रद्धालुओं को भ्रमित करने वाले सोशल मीडिया पेजों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है।

इस क्रम में समिति द्वारा संबंधित इंस्टाग्राम पेजों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से स्ट्रिंग ऑपरेशन किया गया। सर्वप्रथम संबंधित इंस्टाग्राम पेज से संपर्क कर मंदिर में रील शूटिंग की बुकिंग कराई गई तथा उनके द्वारा मांगी गई अग्रिम राशि का भुगतान किया गया। इसके पश्चात शूटिंग के लिए संबंधित व्यक्तियों को मंदिर परिसर में बुलाकर ट्रैप किया गया।

इस दौरान तीन व्यक्तियों को मंदिर परिसर में मोबाइल से नियम विरुद्ध एवं अनधिकृत रूप से फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करते हुए पकड़ा गया। उनके द्वारा की जा रही गतिविधियों को मंदिर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी रिकॉर्ड किया गया। इसके उपरांत तीनों व्यक्तियों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु महाकाल थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा स्पष्ट किया गया है कि मंदिर परिसर में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की व्यावसायिक शूटिंग, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी प्रतिबंधित है। सोशल मीडिया पर इस प्रकार की अनधिकृत गतिविधियों को वैध बताकर व्यावसायिक दावे करना गंभीर विषय है।

समिति ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं को भ्रमित करने वाले झूठे दावों एवं मंदिर की व्यवस्थाओं का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सतर्कता बरतते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंदिर की धार्मिक गरिमा, सुरक्षा एवं नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।