उज्जैन, उज्जैन पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, परिवहन एवं नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना चिमनगंज मंडी पुलिस द्वारा आरोपी अशफाक उर्फ कटोरी पिता अब्दुल साबरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी राजरायल कॉलोनी, चिमनगंज, जिला उज्जैन के विरुद्ध PIT NDPS अधिनियम के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर प्रकरण सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में पारित आदेश के अनुपालन में माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी अशफाक उर्फ कटोरी को एक वर्ष की अवधि के लिए केंद्रीय जेल इंदौर में निरुद्ध किया गया है।
उक्त कार्रवाई का उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना तथा नशे के नेटवर्क को कमजोर कर समाज एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है।
*उज्जैन पुलिस की अपील*:
नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध उज्जैन पुलिस की कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।