उज्जैन,पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के देवास स्टेशन यार्ड में गुरुवार को रेलवे एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) सहित विभिन्न एजेंसियों के संयुक्त सहयोग से रेल दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करने के उद्देश्य से व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभ्यास के दौरान रेल दुर्घटना की काल्पनिक स्थिति के अनुरूप रेलवे के विभिन्न विभागों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किए। सूचना प्राप्त होते ही रेलवे के दुर्घटना राहत ट्रेन (ART), दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण (ARME) एवं सेल्फ प्रोपेल्ड दुर्घटना राहत चिकित्सा उपकरण (SPARME) को संबंधित स्थानों से रवाना किया गया। इसके साथ ही सुबह 09:55 बजे राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को भी सूचित किया गया।
अभियान के दौरान रेलवे के इंजीनियरिंग, मैकेनिकल, परिचालन, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार, वाणिज्य तथा रेलवे सुरक्षा बल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय सहभागिता की। कंट्रोल ऑफिस एवं घटनास्थल पर तैनात अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय के माध्यम से अभियान का संचालन किया गया।
अभ्यास के अंतर्गत घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। सभी घायलों को सुबह 10:10 बजे से 11:08 बजे के बीच क्रमबद्ध तरीके से अस्पताल भेजा गया। इस दौरान राहत एवं चिकित्सा व्यवस्था, उपलब्ध संसाधनों के उपयोग, त्वरित प्रतिक्रिया तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की कार्यक्षमता का व्यावहारिक परीक्षण किया गया।
सभी निर्धारित राहत एवं बचाव गतिविधियां सफलतापूर्वक पूर्ण होने के पश्चात वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी श्री डी.एम. सिंह ने सुबह 11:15 बजे मॉक ड्रिल समाप्त होने की घोषणा की।
यह संयुक्त अभ्यास अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) श्री कुंजीलाल मीना के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), भोपाल की 11वीं बटालियन के साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), सिटी पुलिस, स्थानीय प्रशासन, रेलवे सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस प्रकार के संयुक्त अभ्यास आपातकालीन परिस्थितियों में रेलवे की तैयारियों को परखने, राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने तथा रेलवे और विभिन्न संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल एवं समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।