उज्जैन,आपातकालीन परिस्थितियों एवं हवाई हमले जैसी गंभीर स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा सुरक्षा एवं बचाव व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार 25 नवंबर की रात्रि को जिला होमगार्ड लाइन, उज्जैन में विशेष ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स , आपदा मित्र, राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल , होमगार्ड, पुलिस, फायर ब्रिगेड एवं मेडिकल टीम ने आपसी समन्वय के साथ भाग लिया।
मॉक ड्रिल की शुरुआत चेतावनी सायरन बजाकर की गई। सायरन बजते ही निर्धारित क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू किया गया तथा सभी लाइटें बंद कर आपातकालीन स्थिति का अभ्यास किया गया। इस दौरान नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों को निकालने एवं उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
अभ्यास के दौरान पुलिस बल द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा घटनास्थल को सुरक्षित घेरा प्रदान करने की जिम्मेदारी निभाई गई। वहीं होमगार्ड, सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स एवं आपदा मित्रों ने नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने, उचित मार्गदर्शन देने तथा बचाव कार्यों में सहयोग किया।
फायर ब्रिगेड द्वारा आगजनी की आपातकालीन स्थिति पर नियंत्रण एवं रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया गया। एसडीईआरएफ की टीम ने बचाव कार्य करते हुए घायलों को मेडिकल टीम तक पहुंचाने का अभ्यास किया। मेडिकल टीम ने मौके पर घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा, बचाव एवं राहत एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा जनहानि को न्यूनतम करने के लिए तैयारियों का परीक्षण करना था।
मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन एवं होमगार्ड के वरिष्ठ अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी एजेंसियों ने बेहतर तालमेल एवं तत्परता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न किया।
