कान्ह डायवर्सन में लापरवाही बरतने पर ठेकेदार पर 10 लाख का जुर्माना लगाने के निर्देश

उज्जैन, कान्ह डाइवर्सन के काम में लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार पर संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने 10 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश कार्यपालन यंत्री को दिए हैं। लगभग 866 करोड़ की लागत से हो रहे कान्‍ह डायवर्जन कार्य की टाइमलाइन जून 27 निश्चित है। संभागायुक्त श्री आशीष सिंह ने आज सिंहस्थ के लिए उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जल संसाधन तथा विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किये जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए की जिस कार्य के लिए जो टाइमलाइन निश्चित है उसके अनुरूप कार्य पूर्ण होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में संभागीय अपर आयुक्त सुश्री रिजु बाफना, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा,जिला पंचायत सी ई ओ श्री श्रेयांस कूमट, स्मार्ट सिटी सीईओ श्रीमती नेहा जैन,उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री संदीप सोनी,नगर निगम के अपर आयुक्त श्री संतोष टैगोर सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
बसों का रूट निर्धारित कर प्रेजेंटेशन देने के निर्देश
संभागायुक्त श्री सिंह ने उज्जैन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारियो को निर्देश दिए हैं कि मेला अवधि के लिए 2000 से अधिक बसों को हायर करते हुए उनके मूवमेंट का प्लान बनाया जाए। बसों के विभिन्न पॉइंट निर्धारित करते हुए इसका एक प्रेजेंटेशन तैयार कर आगामी बैठक में रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि मेले में इन बसों के लिए एक रोड अलग से रखा जाएगा। सिंहस्थ बाईपास से लेकर इन बसों का संचालन विभिन्न क्षेत्र के लिए होगा। इसी के साथ स्वागत द्वार एवं ब्यूटीफिकेशन के कार्यों पर चर्चा करते हुए निर्देश दिए गए कि स्वागत द्वार के लिए जो दो स्थान चिन्हित किए गए हैं वहां पर कार्य 7 दिसंबर के पहले शुरू हो जाना चाहिए। ब्यूटीफिकेशन के अन्य कार्यों के टेंडर लोड करने के लिए कहा गया है।
सिंहस्थ क्षेत्र में टेंट सिटी के अरेंजमेंट के लिए पीपीपी मॉडल पर लगभग 40 हजार डॉरमेट्री बनाई जाना है। संभाग आयुक्त ने अपर मेला अधिकारी को निर्देशित किया कि वे सभी विभागों से पत्र लिखकर उनके विभागों से सिंहस्थ में आने वाले कर्मचारियों – अधिकारियों का डाटा एक सप्ताह में प्राप्त करें जिसके आधार पर विभिन्न लोकेशन निर्धारित कर कर्मचारियों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री आदि की व्यवस्था की जा सके।
सम्भागायुक्त ने उज्जैन विकास प्राधिकरण को इसी के साथ आम श्रद्धालुओं के लिए भी विभिन्न जोन में न्यूनतम शुल्क पर डॉरमेट्री की व्यवस्था करने के लिए कहा है।
*सभी विभागों से एक्शन टेकन रिपोर्ट लेने के निर्देश*
जिला पंचायत के सीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि थर्ड पार्टी गुणवत्ता परीक्षण के मामले में विभिन्न विभागों की निर्माण एजेंसी को दी गई जाँच रिपोर्ट पर उनके द्वारा क्या कार्यवाही की गई इसकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) प्राप्त की जाए।उन्होंने कहा है कि जो विभाग एक सप्ताह में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करेंगे उनके विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि 84 महादेव मंदिरों के विकास कार्य में 25 मंदिरों को छोड़कर 59 मंदिरों का विकास हो चुका है,शेष का कार्य प्रगति पर है।
बैठक में नगर निगम द्वारा किये जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि 18 चौराहो के ब्यूटीफिकेशन के जो काम किये जाना है उनमें सबसे पहले उन चौराहों का काम हाथ में लिया जाए जहाँ कोई निर्माण कार्य शेष नहीं हों। जल संसाधन विभाग के अधीक्षण यंत्री ने बताया कि घाटों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और यह कार्य निर्धारित टाइम लाइन के पूर्व पूर्ण कर लिए जाएंगे।