उज्जैन,दिनांक 03.12.2025 को सायं लगभग 07:00 बजे सावित्रीबाई पति सोहनलाल, उम्र 78 वर्ष, निवासी बोड़ी कला, थाना बरघाट, जिला सिवनी एवं सुखवारा पति मोहन डोंगरे, उम्र 64 वर्ष, निवासी बामनी लाला, थाना चांद, जिला छिंदवाड़ा अपने परिवारजनों के साथ बोलेरो वाहन से श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन दर्शन हेतु आई थीं। दर्शन के दौरान दोनों बुजुर्ग महिला दर्शनार्थी अपने परिजनों से बिछड़ गईं।
हरसिद्धि चौराहे पर उन्होंने पुलिस वाहन डायल-112 एफआरवी-17 में तैनात कांस्टेबल 272 शुभम तिवारी एवं पायलट पंकज सोनी से सहायता मांगी। पुलिस स्टाफ द्वारा लगभग 01 घंटे तक महाकाल मंदिर क्षेत्र एवं आसपास की पार्किंग में वाहन एवं परिजनों की तलाश की गई, किंतु कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी।
उक्त स्थिति से थाना महाकाल अवगत कराते हुए दोनों बुजुर्ग महिलाओं को थाना लाया गया। थाना प्रभारी गगन बादल द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक उपनिरीक्षक चंद्रभान सिंह एवं पुलिस टीम को तत्काल तलाश एवं संपर्क हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस टीम द्वारा बुजुर्ग महिलाओं से सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनके गांव, जिला एवं अन्य विवरण प्राप्त किए गए। संबंधित जिलों के थानों से संपर्क कर ग्राम सरपंच के माध्यम से उनके परिजनों के मोबाइल नंबर प्राप्त किए गए तथा उनसे सफलतापूर्वक संपर्क स्थापित किया गया।
परिजनों के आने पर डायल-112 की सहायता से दोनों बुजुर्ग महिला दर्शनार्थियों को भील समाज धर्मशाला पार्किंग में उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया ।
*🔹अपने परिजनों से मिलकर दोनों माताएं अत्यंत भावुक हो गईं एवं उज्जैन पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए पुलिस स्टाफ को हृदय से आशीर्वाद दिया।*
👉 उज्जैन पुलिस द्वारा मानवता एवं सेवा भाव का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।