शासकीय अस्पतालों में उपचार के दौरान मृत्यु होने पर निशुल्क शव वाहन सेवा मिलेगी

उज्जैन, राज्य शासन द्वारा संचालित शासकीय अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु उपरांत मृतक को निवास स्थल/शमशान घाट तक निःशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से शव वाहन सेवा का संचालन प्रारंभ किया गया है। योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के शासकीय अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु (Institutional death only) होने पर मृतक को सम्मानपूर्वक अपने परिजनों को सुपुर्द कर निशुल्क उनके निवास स्थल तक पहुंचाना है। राज्य शासन द्वारा जिला उज्जैन के लिए 04 शव वाहन प्रदान किए गए है। चारों शव वाहन चौबीस घंटे जिला चिकित्सालय उज्जैन, चरक भवन में उपलब्ध रहेंगे।

शव-वाहन द्वारा शासकीय स्वास्थ्य संस्था से मृतक के निवास स्थल /शमशान घाट तक निःशुल्क परिवहन किए जाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

शव वाहन संचालन केवल जिले की सीमा के अंदर किया जाएगा। निजी चिकित्सालयों, निवास स्थल एवं अन्यत्र किसी भी स्थान में हुई मृत्यु के प्रकरण में शव वाहन उपलब्ध कराए जाने की पात्रता नहीं होगी। शव वाहन सेवा के लिए संपर्क नंबर, 6269907250 व 6269906944 पर भी कॉल किया जा सकता है।