माननीय केन्द्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना द्वारा सिंहस्थ – 2028 के तैयारियों की समीक्षा

उज्जैन, पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के उज्जैन प्रवास के दौरान माननीय केन्द्रीय रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री श्री वी. सोमन्ना ने 30 जनवरी 2026 को उज्जैन रेलवे स्टेशन पर सिंहस्थ मेला 2028 के तैयारियों की समीक्षा की।

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए सिंहस्थ मेला की तैयारियों पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। बैठक में सिंहस्थ मेले के दौरान यात्रियों की सुगमता, सुरक्षा, स्टेशन सुधार, भीड़ प्रबंधन एवं विशेष ट्रेन संचालन, मेंटेनेंस, यात्री सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज के निर्माण, ट्रैक साइड बाउंड्री वाल निर्माण कार्य जैसे किए जा रहे विभिन्न कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

श्री सोमन्ना ने सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे तैयारियों पर प्रसन्नता जाहिर की तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समय पर सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

इस दौरान उज्जैन के स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

*जनसंपर्क विभाग रतलाम मंडल*