मंडी प्रांगण उज्जैन में आई हुई कृषकों की ट्रालियों पर मंडी प्रशासन एवं यातायात पुलिस द्वारा रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए

उज्‍जैन, जिला सड़क सुरक्षा समिति उज्जैन की बैठक में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा प्रदत्त निर्देशों के परिपालन में आज 07 फरवरी शनिवार को सचिव मंडी उज्जैन श्री राजेश गोयल तथा डी.एस.पी. ट्राफिक श्री विक्रम सिंह एवं अनाज तिलहन व्यवसायी संघ चिमनगंज मंडी उज्जैन के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र अग्रवाल, सचिव श्री हजारीलाल मालवीय, व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों द्वारा मंडी प्रांगण में उपज विक्रय के लिए कृषकों की लाई गई ट्रालियों के पिछले हिस्से में रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए तथा उपस्थित कृषकों को बताया गया कि मार्ग में ट्रेक्टर, ट्राली आवागमन के दौरान पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ट्राली के पीछे लगे रेडियम रिफ्लेक्टर के कारण पता चल सकेगा कि आगे ट्रेक्टर, ट्राली जा रही है और इससे किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं होगी।

प्रायः ट्राली के पीछे लाईट नहीं लगी होने के कारण वाहन चालकों को आगे जा रही ट्राली का पता नहीं चलता और वाहनों की टक्कर होती है। रेडियम रिफ्लेक्टर लगे होने से इस प्रकार की दुर्घटनाएँ नहीं होगी। कृषकों को ट्रेक्टर, ट्राली सड़क के किनारे खड़ी करने इत्यादि सुरक्षात्मक उपाय भी कृषकों को समझाए गए तथा अवगत कराया गया कि रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने की यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। उपरोक्त कार्यवाही के दौरान मंडी समिति की ओर से श्री महेन्द्र जैन तथा श्री दीपक श्रीवास्तव, सुरक्षा सुपरवाईजर श्री राकेश डाबी उपस्थित रहे। कृषकों द्वारा शासन तथा यातायात विभाग की उपरोक्त पहल का स्वागत किया गया तथा प्रशंसा की गई।

सचिव मंडी समिति उज्जैन श्री राजेश गोयल, उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री विक्रम सिंह तथा अनाज तिलहन व्यवसायी संघ चिमनगंज मंडी उज्जैन के पदाधिकारियों द्वारा कृषकों से अपील की जा रही है कि कृषक भाई रेडियम रिफ्लेक्टर न्यूनतम व्यय पर स्वयं भी लगाकर सुरक्षा के उपाय कर सकते हैं तथा अपने वाहन एवं जीवन को सुरक्षित कर सकते हैं।