बैंक खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड व अवैध ट्रेडिंग से प्राप्त राशि का दुरुपयोग कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन, थाना चिमनगंज पुलिस द्वारा आमजन को आर्थिक प्रलोभन देकर उनके बैंक खाते खुलवाकर साइबर फ्रॉड एवं अवैध ट्रेडिंग गतिविधियों से प्राप्त धनराशि उन खातों में डलवाकर धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। आरोपी द्वारा विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को निशाना बनाकर उन्हें कमीशन का लालच देकर उनके खातों का अवैध उपयोग किया जा रहा था।

🔹घटना का विस्तृत विवरण –*

फरियादी विशाल पिता शिव चौहान उम्र 30 वर्ष निवासी मंगल नगर, आगर रोड उज्जैन ने थाना चिमनगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कोयला फाटक चौराहे पर उसकी मुलाकात वाजिद नामक व्यक्ति से हुई, जिसने स्वयं को लोगों के बैंक खाते खुलवाने वाला बताते हुए कहा कि वह उनके खातों के माध्यम से लेन-देन कर उन्हें अच्छा कमीशन देता है। आरोपी ने फरियादी को भी खाता खुलवाकर उसे सौंपने का लालच दिया। जब फरियादी ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद फरियादी ने उक्त गतिविधि को संदिग्ध मानते हुए पुलिस को सूचना दी।

उक्त रिपोर्ट पर थाना चिमनगंज मंडी में अपराध क्रमांक 119/18.02.2026 धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत विवेचना प्रारंभ की गई।

*🔹विवेचना एवं गिरफ्तारी –*

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम द्वारा त्वरित जांच करते हुए तकनीकी एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की गतिविधियों का पता लगाया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी विभिन्न व्यक्तियों के नाम से खुले बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी एवं अवैध ऑनलाइन ट्रेडिंग से प्राप्त धनराशि को इधर-उधर करने में करता था, जिससे अपराधियों की पहचान छिपी रहे।

खाताधारकों को मामूली कमीशन देकर वह स्वयं बड़ी रकम का अवैध लाभ अर्जित करता था। साक्ष्य संकलन उपरांत थाना चिमनगंज पुलिस द्वारा आरोपी *वाजिद पिता शरीफ जलावत उम्र 29 वर्ष निवासी चन्द्रवतीगंज जिला इंदौर* को दिनांक 18.02.2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

🔹सराहनीय भूमिका –*

उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक गजेन्द्र पचौरिया के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें सउनि दिनेश बरखड़े, सउनि दिनेश भाट, आरक्षक 893 सर्वेश मालवीय, आरक्षक 1263 राजेश गयंद, आरक्षक 660 दिनेश मंडोर एवं आरक्षक 1620 मनोज महोबे का सराहनीय योगदान रहा।

🔹उज्जैन पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपने बैंक खाते, दस्तावेज, एटीएम कार्ड अथवा ओटीपी किसी को न सौंपें। साइबर अपराध से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर सूचित करें।