चरक भवन का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित डॉक्टर्स के वेतन काटने के कलेक्टर श्री सिंह ने दिए निर्देश

उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार दोपहर चरक भवन जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान डॉक्टर्स का उपस्थिति रजिस्टर ,ड्यूटी रोस्टर का अवलोकन कर सीएमएचओ और सिविल सर्जन को सभी डॉक्टर्स की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने इमरजेंसी ,ओपीडी और अन्य ड्यूटी रोस्टर ऑनलाइन करने और पारदर्शी तरीके से ड्यूटी रजिस्टर तैयार करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने चरक भवन में व्यवस्थाओं के अवलोकन के दौरान दायित्वों में लापरवाही बरतने पर लिफ्ट ऑपरेटर एजेंसी पर 50 हजार का जुर्माना और सिक्योरिटी एजेंसी द्वारा पर्याप्त संख्या में गार्ड्स अस्पताल में नहीं रखने और गार्ड्स के यूनिफॉर्म में नहीं रहने पर 50 हजार का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने व्यवस्थित रूप से अस्पताल संचालन की कार्ययोजना बनाने, पीए और डिस्प्ले सिस्टम सही करवाने,ड्यूटी चार्ट पर उपस्थित डॉक्टर्स की जानकारी सही अंकित करने के निर्देश दिए और अस्पताल में प्रगतिरत सीवरेज कार्य की जानकारी भी ली।
कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान अनाधिकृत रूप से बिना सुचना दिए अनुपस्थित पाए गए डॉ उपलावधियां, डॉ ऋतुजा महाजन का वेतन काटने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।साथ ही लगातार बिना सुचना के अनुपस्थित रहने पर डॉक्टर पंकज मालवीय को सेवा से हटाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने बालक हर्ष के स्वास्थ्य जांच के लिए आए अभिभावक श्री संदीप विश्वकर्मा से चर्चा कर अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के अनुभव की जानकारी भी ली। श्री संदीप ने बताया कि डॉक्टर्स के द्वारा परामर्श के बाद डिस्पेंसरी से उन्हें निशुल्क दवाई उपलब्ध हुई है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट,सीएमएचओ डॉ अशोक कुमार पटेल,सिविल सर्जन, आरएमओ और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।