वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पंचकोशी यात्रा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया

उज्जैन, इस वर्ष पंचकोशी यात्रा रविवार 12 अप्रैल से प्रारंभ होगी किसी के मध्य नजर शनिवार को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पंचकोशी यात्रा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया

सर्वप्रथम संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, डीआईजी श्री नवनीत भसीन ,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा ने पटनी बाजार स्थित नागचंद्रेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजन अर्चन किया गया और मंदिर परिसर में पानी की टंकी की सफाई, परिसर की साफ-सफाई , सीसीटीवी कैमरे और लाइट तथा एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए ।

इसके बाद अधिकारियों द्वारा बस से यात्रा कर उंडासा, पिंगलेश्वर, शनि मंदिर त्रिवेणी, करोहन, नलवा, अंबोदिया, पड़ाव व उप पड़ाव स्थलों का निरीक्षण किया गया। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि पड़ाव स्थलों के बीच भी कुछ-कुछ स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था की जाए तथा जो भी बड़े खुले कुंए रास्ते में आ रहे हैं अथवा जहां नवीन पुल पुलियाओं का निर्माण चल रहा है वहां सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग की जाए साथ ही रात में अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की जाए।

पिंगलेश्वर में रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। अस्थाई शौचालयों, लाइट , पेयजल के लिए टैंकर की व्यवस्था पर्याप्त संख्या में की जाए। त्रिवेणी में श्रद्धालुओं के स्नान के लिए शावर्स लगाए जाएं।

अंबोदिया में व्यवस्थाओं के संबंध में ली गई बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि वर्तमान में सिंहस्थ महापर्व के अंतर्गत निर्माण कार्य प्रगतिरत हैं। पंचक्रोशी यात्रा के दौरान नये कार्य प्रारंभ न किये जायें, वर्तमान में चल रहे कार्यों के तेज़ गति से पूर्ण करें। पंचक्रोशी यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रा मार्ग में कुछ स्थानों पर मुरम डाल कर समतलीकरण किया जाए। इसके अलावा जिन विभागों को यात्रा के संबंध में जो दायित्व सौंपे गए हैं, वे आगामी 05 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें।

पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। ड्यूटी रत अधिकारी व कर्मचारी अपनी शिफ्ट समाप्त होने पर रिलिवर के आने के पश्चात ही कर्तव्य स्थल छोड़ें, निर्धारित समय पर अपने कर्तव्य स्थल पर पहुंचे। श्रद्धालुओं के लिए यात्रा के सुखद अनुभव के लिए सभी मिलकर प्रयास करें।

इस दौरान नगर निगम आयुक्त श्री अभिलाष मिश्रा , सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, वन मंडल अधिकारी श्री अनुराग तिवारी, एडीएम श्री अतेंद्र सिंह गुर्जर एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।