उज्जैन,सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में उज्जैन पुलिस द्वारा एक भव्य साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में शहर के लगभग 200 से अधिक नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
साइक्लोथॉन की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई, जहां से प्रतिभागियों ने टावर चौक तक साइकिल चलाई तथा पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर यात्रा का समापन किया। पूरे मार्ग में ‘एकता और अखंडता’ के नारों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उज्जैन प्रदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक उज्जैन पीटीएस मनीषा पाठक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरु प्रसाद परासर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। साथ ही, सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को फिट रहने के लिए प्रोत्साहित करना और लौह पुरुष सरदार पटेल के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।