मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशानुरूप,युवा 2 माह की ट्रेनिंग के बाद पाए नौकरी – कलेक्टर श्री सिंह

उज्जैन, कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह की अध्‍यक्षता में सोमवार दोपहर प्रशासनिक संकुल भवन के कलेक्‍टर कार्यालय सभागृह में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरुप जिले में युवाओं को ट्रेनिंग देकर रोजगार के अवसर प्रदान किए जा रहे है। कलेक्‍टर श्री सिंह ने बैठक में UtkarshUjjain.com पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर ट्रेनिंग प्राप्त करने के बाद उद्योगों में रोजगार सुनिश्चित करने के लिए एमपीआईडीसी, कौशल विकास एवं तकनीकी‍ शिक्षा विभाग, डीआईसी आदि को समन्‍वय कर कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि UtkarshUjjain.com पर 12 वीं पास किए हुए आवेदक 02 माह के प्रशिक्षण और मूल्‍यांकन उपरांत सोलर इंडस्‍ट्री में और 10 वीं पास आवेदक 02 माह के प्रशिक्षण और मूल्‍यांकन उपरांत गारमेंट इंडस्‍ट्री में रोजगार प्राप्‍त कर सकते है। कलेक्‍टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग समन्‍वय कर युवाओं को इंडस्‍ट्रीयल एक्‍सपोजर देकर ऑन जॉब ट्रेनिंग प्रदान करने पर विशेष ध्‍यान दें।
कलेक्‍टर श्री सिंह ने आईटीआई में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 अंतर्गत आईटीआई उज्जैन में नए युग के कोर्स आर्टिफिशल इंटेलिजनेस(AI), रोबोटिक्स, ड्रोन ,3D प्रिंटिंग और वेब 3.0 जैसी आधुनिक तकनीकों की शिक्षा पर विशेष ध्‍यान देकर युवाओं की वैश्‍विक मार्केट के अनुसार स्किल सेट तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि संभागीय आईटीआई उज्‍जैन द्वारा हब एंड स्‍पोक मॉडल के तहत शासकीय पॉलीटेक्निक के छात्रों को 02 एवं 04 सप्‍ताह की अवधि के हेंड्स ऑन ट्रेनिंग एवं सीएनसी मशीन पर प्रोग्रामिंग सीखा कर स्किल प्रेक्टिस के कोर्स संचालित किए जा रहे है।
क्‍वेस्‍ट अलाईंस एनजीओ संस्‍था के साथ समन्‍वय कर छात्रों को साफ्ट स्किल का प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विगत दिवस आईटीआई के छात्र का बैगलुरु में केंपस प्‍लेसमेंट भी हुआ है। इंडस्‍ट्री ऐकेडमी लिंकेज के लिए संभागीय आईटीआई उज्‍जैन और लघुउद्योग भारती के मध्‍य विगत 09 मार्च को समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ है। इससे आईटीआई छात्रों को इंडस्‍ट्रीयल एक्‍सपोजर के लिए अप्रें‍टिसशि‍प, इंटर्नशि‍प और इंडस्‍ट्री में प्‍लेसमेंट में सहायता होगी, साथ ही आईटीआई के आधुनिकरण में सहायता प्राप्‍त होगी।
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2025-26 में 10 रोजगार, स्‍वरोजगार युवा संगम मेलों में 1779 आवेदकों का रोजगार के लिए प्रारंभिक चयन, 214 छात्रों को अप्रेंटिसशिप का अवसर प्राप्‍त हुआ है और 2313 आवेदकों को स्‍वरोजगार प्राप्‍त हुआ है।
बैठक में संभागीय आईटीआई प्राचार्य श्री विवेक मिश्रा, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, उपसंचालक कृषि, उपसंचालक उद्यानिकी, जिला रोजगार अधिकारी, एलडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, सहायक संचालक पिछडा़ वर्ग एवं अल्‍पसंख्‍यक कल्‍याण, जिला श्रम अधिकारी, जिला अधिकारी सामाजिक न्‍याय एवं निशक्‍तजन कल्‍याण, जिला संयोजक आदिम जाति, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, ईई एमपीआईडीसी आदि उपस्थित रहें।