कलेक्‍टर श्री सिंह ने भवि‍ष्‍य से भेंट कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों से संवाद किया

उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने शनिवार को शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ढांचा भवन में भविष्य से भेंट कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें भविष्य का मार्गदर्शन प्रदान किया। कलेक्टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का भी इस दौरान समाधान किया और उन्हें भविष्य में परीक्षाओं की तैयारी और अपने करियर के बारे में योजना बनाने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने विद्यालय पहुंचकर मां सरस्‍वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्‍वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संवाद कार्यक्रम में कक्षा 6 ठी से लेकर 12 वीं तक के विद्यार्थी उपस्थित थे। कलेक्‍टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि वें देश के भवि‍ष्‍य है और विद्यार्थियों से बातचीत कर हमें भी देश के लिए काम करने की नई ऊर्जा मिलती है।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि वर्तमान में बहुत से बच्‍चों ने अपने भवि‍ष्‍य के बारे में कुछ न कुछ योजना बनाई होगी। अपनी सफलताओं से खुश होने से ज्‍यादा जरुरी है कि हम अपनी असफलताओं से वि‍चलित न हों। विद्यार्थी जीवन में हमें कई मौकों पर धैर्य परिश्रम लगन और हार न मानने का रवैया रखना होता है। कोई भी विद्यार्थी असफल होने लायक नहीं होता नियमित रुप से विद्यालय आए, पूरे वर्ष अध्‍ययन करें, होमवर्क नियमित रूप से करें, परीक्षा के पहले रिविजन करें और परीक्षा में अपनी ओर से अपना सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन करें तो सभी विद्यार्थी सफल हो सकते है। ऐसी कोई भी परीक्षा नहीं है जिसमें सफलता प्राप्‍त नहीं की जा सकती।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि एक आई.ए.एस अधिकारी बनने से पहले वे भी एक विद्यार्थी थे। उन्‍होंने आई.आई.टी कानपुर से शिक्षा प्राप्‍त की और उसके पश्‍चात संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा की तैयारी की। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि आत्‍मविश्‍वास रखना अत्‍यंत जरूरी है साथ ही सफलता के लिए सदा प्रयास करते रहें।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि‍ हम सरकार से कई अपेक्षाएं करते है। लेकिन हमें भी कुछ कर्तव्‍य निभाना चाहिए। जीवन में कुछ भी बनने से पहले हमें एक अच्‍छा और जिम्‍मेदार नागरिक बनना चाहिए। यातायात नियमों का सदैव पालन करें। अपने परिवार के लोगों को भी मौलिक कर्तव्‍यों के बारे में जागरूक करें। सड़क दुर्घटना में घायल व्‍यक्तियों की सदैव सहायता करें। उनके जीवन की रक्षा कर एक जिम्‍मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

स्‍वच्‍छ भारत मि‍शन के अंतर्गत लोगों में साफ-सफाई के प्रति वृहद स्‍तर पर जागरुकता आई है। छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़ी सफलता हांसि‍ल की जा सकती है। कलेक्‍टर श्री सिंह से विद्यार्थियों ने भी संवाद कार्यक्रम में प्रश्‍न पूछें। उन्‍होंने यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी कैसे की जाए के उत्‍तर में कहा कि किसी भी परीक्षा की तैयारी पूरी लगन और धैर्य से करना चाहिए। साथ ही हमें अपने लक्ष्‍य के प्रति गंभीर होना होगा। कभी भी अपने मन में यह न लाए कि हम इस परीक्षा में सफल नहीं होंगे। दृढ़ निश्‍चय कर अध्‍ययन करें तो किसी भी परीक्षा में उत्‍तीर्ण हो सकते है।

कक्षा 12 वीं में अद्ययनरत छात्रा उर्वषी ने जेईई परीक्षा की तैयारी के संबंध में प्रश्‍न किया । कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि कक्षा 11वीं और 12 वीं में कोर्स की किताबों का अच्‍छें से अद्ययन करें। परीक्षा के अनसोल्‍व्‍ड प्रेक्टिस सेट से तैयारी करें। समय प्रबंधन का विशेष ध्‍यान रखें ।

एक अन्‍य छात्रा साक्षी ने कहा कि यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी किस प्रकार करनी चाहिए। कलेक्‍टर श्री सिंह ने इस पर कहा कि यूपीएससी की परीक्षा में शामिल होने के लिए किसी भी विषय में स्‍नातक होना आवश्‍यक है। लेकिन इसकी तैयारी काफी पहले से करना चाहिए। सामान्‍य अद्ययन पर विशेष ध्‍यान देना चाहिए। सामान्‍य जागरूकता के विषयों पर भी फोकस रखना चाहिए। अपने विषय से संबंधित किताबों के साथ-साथ प्रतिदिन समाचार पत्र अवश्‍य पढ़ें। उसमें देश और दुनिया की वर्तमान स्थिति से संबंधित समाचारों को पढ़ें। एनसीईआरटी की किताबों का भी अद्ययन नियमित रूप से करते रहें।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि विद्यार्थी जीवन में हमें अपनी बौद्धिक क्षमता का विकास करना चाहिए। कक्षा 12वीं के छात्र मोनिश ने कहा कि अद्ययन के दौरान जो रुकावटें आती है, उनसे किस प्रकार निपटना चाहिए। कलेक्‍टर श्री सिंह ने कहा कि सबके जीवन में समस्‍याएं आती है। सबकी परिस्थितियां अलग-अलग होती है, लेकिन जो भी व्‍यवधान आते है। उनमें धैर्य रखकर केवल अपने लक्ष्‍य पर नजर रखें, तो हमें सफलता अवश्‍य मिलती है। वर्तमान में हमें अपनी रूचि‍ को भी ध्‍यान में रख कर अपना करि‍यर चुनना चाहिए। कृत्रिम बुद्धिमत्‍ता की वर्तमान और भवि‍ष्‍य में काफी उपयोगिता है। मध्‍यप्रदेश शासन द्वारा प्रोजेक्‍ट स्‍वाध्‍याय के अंतर्गत विद्यालयों में बच्‍चों को एआई से संबंधित जानकारी व कोडिंग सीखाई जा रही है ताकि विद्यार्थी वर्तमान में अत्‍याधुनिक तकनीक को सीख कर अपडेटेड रहें।

कलेक्‍टर श्री सिंह ने संवाद कार्यक्रम में सभी बच्‍चों को अपनी ओर से उज्‍जवल भवि‍ष्‍य की शुभकामनाएं दी।