पंचक्रोशी यात्रा के अंतर्गत हजारों श्रद्धालुओं ने पिंगलेश्वर में किए दर्शन

उज्जैन, प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी वैशाख मास की दशमी तिथि से पावन पंचक्रोशी यात्रा प्रारंभ हो गई है। श्रद्धालु गण लगभग 118 किलोमीटर की इस पवित्र परिक्रमा में भाग ले रहे हैं।

इस वर्ष कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्धारित पड़ाव ग्रामों में सभी संबंधित विभागों द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं।

आज पंचक्रोशी यात्रा के प्रथम दिन लगभग 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं ने पिंगलेश्वर धाम में भगवान पिंगलेश्वर के दर्शन कर मंगलमय जीवन एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

पड़ाव स्थल पर ग्राम पंचायत द्वारा छाया, स्वच्छ पेयजल, अस्थाई शौचालय एवं विद्युत प्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है। चिकित्सा विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर के साथ 10 बिस्तरों का अस्थाई अस्पताल स्थापित किया गया है, जिसमें चिकित्सकीय टीम तैनात है। विद्युत विभाग द्वारा पूरे परिक्रमा मार्ग पर उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

श्रद्धालुओं की सेवा में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जलपान, भंडारे एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। साथ ही स्थानीय कृषकों एवं पीएचई विभाग द्वारा मार्ग पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री श्रेयांस कुमट ने रात्रि में संबंधित जिला अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।

जिला प्रशासन सभी श्रद्धालुओं से अपील करता है कि वे अनुशासन बनाए रखें, स्वच्छता का ध्यान रखें और निर्धारित मार्ग का ही उपयोग करें।