पंचकोशी यात्रियों का ग्राम पानबड़ोदिया में आत्मीय स्वागतकिया गया,शीतल ठंडाई वितरित की गयी

उज्जैन, धार्मिक नगरी उज्जैन में आस्था और तपस्या के महापर्व ‘पंचकोशी यात्रा 2026’ के दौरान सेवा और समर्पण का अनुपम दृश्य देखने को मिला। सोमवार को यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव पर औदीच्य ब्राह्मण समाज उज्जैन की विभिन्न इकाइयों युवा, वरिष्ठ एवं महिला इकाई एवं संस्कार भारती के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पानबड़ोदिया स्थित श्री माधवलालजी जोशी एवं श्री महेशजी जोशी (पटवारी सा.) के फार्म हाउस पर विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया गया।

*​तपते मार्ग पर ठंडाई का संबल*
​भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप में नंगे पाँव चल रहे हजारों पंचकोसी श्रद्धालुओं का स्वागत शीतल ठंडाई, फल एवं चाकलेट वितरण के साथ किया गया।

सुबह 9:30 बजे से शुरू हुआ यह सेवा कार्य शाम 6:30 बजे तक निरंतर जारी रहा। यात्रा में निकलने वाले प्रत्येक पंचकोसी यात्री को आत्मीयता के साथ ठंडाई पिलाकर उनकी थकान मिटाने का प्रयास किया गया।

*​भक्तिमय हुआ वातावरण*
​कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भजन मंडली की प्रस्तुतियां रहीं। कलाकारों द्वारा गाए गए भगवान महाकाल और गोविंद माधव के भजनों ने यात्रियों में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। थकान से चूर श्रद्धालु भी भजनों की धुन पर झूमते नजर आए, जिससे पूरा क्षेत्र धर्ममय हो गया।

*​संयुक्त प्रयासों से सफल आयोजन*
​इस पुनीत कार्य में औदीच्य ब्राह्मण वरिष्ठजन समिति, महिला इकाई, युवा कल्याण औदीच्य ब्राह्मण समिति एवं संस्कार भारती, उज्जैन के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर में सेवा देने वाले कार्यकर्ताओं के लिए समिति द्वारा फरियाल एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी।

*​इन्होंने दी अपनी सेवाएँ*
​आयोजन के दौरान समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी समाज द्वारा यात्रियों की सुखद यात्रा हेतु यह प्रयास किया गया है। अंत में “जय गोविंद माधव” के जयघोष के साथ सफल सेवा कार्य के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया।