उज्जैन, क्षेत्र में सामाजिक समरसता और सेवा भाव को नई दिशा देने वाला एक अनूठा आयोजन होने जा रहा है। सर्वधर्म दिव्यांग विकास समिति, उज्जैन द्वारा 18 अप्रैल 2026 को स्थानीय अम्बेडकर भवन में दिव्यांग एवं सामान्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। आलोट नगर में इस प्रकार का यह पहला आयोजन होगा, जिसे लेकर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है।
समिति अध्यक्ष रवि मालवीय ने बताया कि संस्था का यह आठवां वर्ष है, लेकिन आलोट में इस परंपरा की शुरुआत पहली बार की जा रही है। सम्मेलन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने लिए उपयुक्त जीवनसाथी का चयन कर सकें। आयोजन में सामान्य युवक-युवतियों की भी सहभागिता रहेगी, जिससे सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा। आयोजन के तहत 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अविवाहित,तलाकशुदा, विधुर-विधवा एवं परित्यक्ता प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। पंजीयन की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। इच्छुक प्रतिभागियों को परिचय पत्र, समग्र आईडी, चिकित्सा प्रमाण-पत्र या शैक्षणिक अंकसूची की प्रति तथा दो पासपोर्ट फोटो जमा करना अनिवार्य होगा। सम्मेलन का आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, उज्जैन-आलोट सांसद अनिल फिरोजिया एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय सहित प्रशासनिक अधिकारी शामिल हो सकते हैं। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और स्थानीय कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। समिति द्वारा प्रतिभागियों और उनके परिजनों के लिए चाय, नाश्ता एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 74407-57756 या 91797-23688 पर संपर्क कर सकते हैं।