उज्जैन, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांश कूमट के साथ बुधवार को जिले के उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन केंद्रों पर स्लॉट बुकिंग ,छांव, पेयजल, मेडिकल सुविधा ,उपार्जन प्रक्रिया आदि व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन कर आवश्यक दिशा निर्देश जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक को दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने किसानों की सुविधा के दृष्टिगत उपार्जन कार्य तेजी से करने के लिए उपार्जन सुबह 08 बजे से शुरू करने और प्रत्येक समिति को कम से कम चार तौल कांटों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले ग्राम मानपुरा स्थित उपार्जन केंद्र अडानी एग्रो स्टील सायलो का निरीक्षण किया। इसके पश्चात देवास रोड़ स्थित कल्याण एक्सप्रेस वेयरहाउस केंद्रों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन केंद्र अडानी एग्रो स्टील सायलो केंद्र ग्राम मानपुरा पर गेहूं के परीक्षण की प्रक्रिया देखी। कलेक्टर श्री सिंह ने यहां पर गेहूं में नमी की टेस्टिंग करने वाली मशीन पर सम्बंधित कृषक की फसल का परीक्षण करवाकर गेहूं के नमूने को देखा।
*जिले में स्लॉट बुकिंग कर उपार्जन सुव्यस्थित रूप से किया जा रहा है*
जिले में उपार्जन केंद्रों पर गेहूं उपार्जन स्लॉट बुकिंग कर सुव्यस्थित रूप से किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान ग्राम निनोरा के कृषक श्री तंवर से चर्चा कर उपार्जन की प्रक्रिया की जानकारी ली। कृषक ने जानकारी दी कि स्लॉट बुकिंग कर उपार्जन केंद्र पहुंचने पर सुगमता से गेहूं उपार्जन हो रहा है।स्लॉट बुकिंग कर निर्धारित समय पर उपार्जन केंद्र पहुंचने पर लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ रहा है।उपार्जन केंद्रों पर स्लॉट नंबर दिखाने के बाद कृषकों के गेहूं का लेबोरेट्री में मानकों के परीक्षण उपरांत वजन किया जा रहा है , इसके पश्चात गेहूं को स्टोर किया जाकर कृषकों के भुगतान की प्रक्रिया की जा रही है।
*पार्किंग सुव्यवस्थित तरीके से करवाए*
कलेक्टर श्री सिंह ने देवास रोड़ स्थित कल्याण एक्सप्रेस वेयरहाउस स्थित उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। कल्याण एक्सप्रेस वेयरहाउस देवास रोड़ पर नरवर और नौगांवा समितियों द्वारा उपार्जन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन केंद्र पर तौल कांटो की संख्या की जानकारी लेकर तौल कांटो की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि प्रत्येक समिति के पास कम से कम 4 तौल काटें हो यह सुनिश्चित किया जाए। स्लॉट बुकिंग के सम्बन्ध में समिति प्रबंधकों द्वारा जानकारी दी गई कि समितियों पर आज 29 और 28 किसानों के स्लॉट बुक है, सभी संबंधित कृषकों का उपार्जन आज पूर्ण किया जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थित रूप से पार्किंग करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।कलेक्टर श्री सिंह ने सुबह 8 बजे से खरीदी केंद्र पर उपार्जन शुरू करने के निर्देश देकर चेतावनी दी कि समय पर उपार्जन शुरू नहीं करने पर निलंबन की कार्यवाही की जाएगी । कलेक्टर श्री सिंह ने कल्याण एक्सप्रेस वेयरहाउस स्थित दोनों उपार्जन समिति प्रबंधकों को पदीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री सिंह ने महिदपुर स्थित कृषि उपज उपमंडी समिति खेड़ा खजुरिया उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में महिदपुर स्थित ग्रामकों वेयरहाउस में समिति कोसोंन और स्व-सहायता समूह भारत माता उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर भुगतान की प्रक्रिया का अवलोकन किया।