उज्जैन, आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं कलेक्टर श्री रोशन कुमार सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा रविवार को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर खाद्य सुरक्षा एवं सही भोजन शैली के संबंध में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये।
विभाग द्वारा चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संचालित निःशुल्क अन्नक्षेत्र तथा मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा संचालित होटल उज्जैयिनी पर कार्यरत फूड हेण्डलर्स एवं श्रद्धालुओं को भोजन निर्माण, संग्रहण एवं सर्विसिंग के संबंध में रखी जाने वाली सावधानियों, व्यैक्तिक स्वच्छता के संबंध में तथा सही खान पान की आदतों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण में मौजूद कर्मचारियों व श्रद्धालुओं को अपने भोजन में नमक, तेल, शक्कर आदि की मात्रा धीरे-धीरे कम करने, दैनिक आहार में श्रीअन्न अर्थात् मिलेट्स को शामिल करने, पैक्ड खाद्य पदार्थों के लेबल को पढ़ने, स्थानीय व मौंसमी फल-सब्जियों को अपने आहार में सम्मिलित तथा अखबार के भोजन परोसने आदि में उपयोग नहीं करने के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।