अवैध देशी मदिरा एवं परिवहन में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जप्त, आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पश्चिम गुरु प्रसाद पाराशर एवं नगर पुलिस अधीक्षक नानाखेड़ा श्रीमती श्वेता गुप्ता के मार्गदर्शन में उज्जैन पुलिस द्वारा अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना नानाखेड़ा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई कार्यवाही के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को बड़ी मात्रा में अवैध देशी मदिरा के साथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन जप्त किया है।

*🔹घटना का संक्षिप्त विवरण*-

दिनांक 11.06.2026 को थाना नानाखेड़ा पुलिस बल सर्कल भ्रमण एवं अपराध नियंत्रण ड्यूटी के दौरान प्रशांतिधाम चौराहा क्षेत्र में मौजूद था। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति सुजुकी एक्सेस वाहन क्रमांक MP 09 ZE 2886 पर अवैध शराब लेकर WWF वाटर पार्क के पास पुलिया के नीचे किसी व्यक्ति को देने के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आवश्यक पुलिस बल बुलाकर वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई।

*🔹पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही*-

पुलिस टीम मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति मुखबिर के बताए गए हुलिए के अनुसार सुजुकी एक्सेस वाहन के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उक्त व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे मौके पर ही घेराबंदी कर रोक लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम *प्रशांत जायसवाल पिता नरेन्द्र जायसवाल, उम्र 36 वर्ष, निवासी साउथ गाडराखेड़ी, मरिमाता मंदिर के पास, जिला इन्दौर* होना बताया। उसके कब्जे में मौजूद वाहन की तलाशी लेने पर वाहन पर रखे दो प्लास्टिक कट्टों में बड़ी मात्रा में देशी मदिरा प्लेन शराब के क्वार्टर पाए गए।

*🔹जप्ती*-

दोनों कट्टों की गिनती करने पर प्रथम कट्टे में 180 एमएल क्षमता के 170 क्वार्टर तथा द्वितीय कट्टे में 180 एमएल क्षमता के 150 क्वार्टर पाए गए। इस प्रकार कुल 320 क्वार्टर देशी मदिरा प्लेन शराब, कुल मात्रा 57.600 बल्क लीटर एवं अनुमानित कीमत 28,800 रुपये की शराब बरामद हुई।

आरोपी से उक्त शराब के संग्रहण एवं परिवहन के संबंध में वैध अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) प्रस्तुत करने हेतु कहा गया, किंतु वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी का कृत्य मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत दण्डनीय पाए जाने पर मौके पर ही विधिवत कार्यवाही करते हुए संपूर्ण अवैध मदिरा एवं परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी एक्सेस वाहन क्रमांक MP 09 ZE 2886 को जप्त किया गया।

इसके पश्चात आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर थाना लाया गया, जहां उससे संबंधित अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

*🔹सराहनीय भूमिका*-

थाना प्रभारी नानाखेड़ा निरीक्षक नरेंद्र यादव , सहायक उप निरीक्षक हरनारायण शर्मा , आर सुनील दिनकर , आर विश्वपाल की मुख्य भूमिका रही ।

*🔹उज्जैन पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई सतत जारी रहेगी।