फिरोजिया फुटबॉल ट्रॉफी 2026, दूसरे दिन रोमांचक मुकाबलों ने बांधा समां

उज्जैन, उज्जैन में आयोजित फिरोजिया फुटबॉल ट्रॉफी 2026 के दूसरे दिन खेल प्रेमियों को दो बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
दिन का पहला मुकाबला डीएफए सीहोर एवं ए यूनियन फुटबॉल क्लब नीमच के मध्य खेला गया। दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें ए यूनियन फुटबॉल क्लब नीमच ने 4-3 से शानदार जीत दर्ज की। नीमच टीम की ओर से साहिल अब्बासी ने दो गोल दागे, जबकि रोहित एवं प्रियांशु ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दूसरा मुकाबला न्यू वाल्मिकी फुटबॉल क्लब बड़वानी एवं यंग आदिवासी फुटबॉल क्लब इंदौर के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-1 की बराबरी बनाए रखी। बड़वानी की ओर से जर्सी नंबर 10 प्रियांशु एवं इंदौर की ओर से जर्सी नंबर 8 आदर्श ने गोल किए। मैच का परिणाम निर्धारित करने के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें यंग आदिवासी फुटबॉल क्लब इंदौर ने 5-4 से जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने हेतु मध्यप्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा श्री अमित शुक्ला को मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया। वहीं निर्णायक मंडल में शिवम नंदराज, उत्तम गुप्ता, मुकेश तेलाशी, अंजल सिंह ठाकुर, नितेश मरावी एवं राजेश चौहान ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फिरोजिया फुटबॉल ट्रॉफी 2026 के अंतर्गत 18 जून को दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों द्वारा शानदार प्रदर्शन के बाद अब आगामी मैचों को लेकर खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला आदिवासी यूनाइटेड एफ.सी. इंदौर एवं पुलिस बॉयज जबलपुर के मध्य खेला जाएगा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों से रोमांचक खेल की उम्मीद की जा रही है। यह मुकाबला दोपहर 3:00 बजे प्रारंभ होगा, जबकि टीमों का रिपोर्टिंग समय दोपहर 1:30 बजे निर्धारित किया गया है।
दिन का दूसरा मुकाबला नेशनल एफ.सी. महू एवं ईगल एफ.सी. नीमच के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। इस मैच का किक ऑफ शाम 5:00 बजे होगा। इस टूर्नामेंट सचिव मनोज तिवारी ने सभी टीमों से निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखने एवं समय पर मैदान में उपस्थित होने का आग्रह किया है।
फिरोजिया फुटबॉल ट्रॉफी 2026 के मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह, खेल भावना एवं प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार दर्शकों को आकर्षित कर रहा है। आगामी मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह बना हुआ है।
प्रतियोगिता के सफल संचालन एवं युवा खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में उज्जैन के वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों का भी महत्वपूर्ण योगदान मिल रहा है। टूर्नामेंट के दौरान वरिष्ठ खिलाड़ी मनोज तिवारी (टूर्नामेंट सेक्रेटरी), दिलीप मेहता (साईं चीफ कोच), सादिक़ ख़ान, दीपचंद जायसवाल, यशवंत पटेल, शेखर निंबालकर, वैभव भले, गिरीश जोशी, रवीन्द्र चौहान, अजय पटेल एवं मॉरिस जानसन नियमित रूप से उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
इन सभी वरिष्ठ खिलाड़ियों के अनुभव, मार्गदर्शन एवं समर्पण का लाभ युवा प्रतिभाओं को मिल रहा है, जिससे जिले में फुटबॉल खेल को नई दिशा एवं मजबूती प्राप्त हो रही है। खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता एवं खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।
स्व श्री भूरेलाल जी फिरोजिया सामाजिक एवं शोध संस्थान उज्जैन के माध्यम से सांसद अनिल फिरोजिया द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से फिरोजिया फुटबॉल ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच बनकर सामने आई है, जहाँ युवा खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन कर भविष्य की नई संभावनाओं के द्वार खोल रहे हैं।