उज्जैन, रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री टेटवाल के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम दशहरा मैदान में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शिवानी कुंवर,उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, श्री संजय अग्रवाल, कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री टेटवाल ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि योग का संबंध हमारे प्राचीन भारत, महर्षि पतंजलि और अन्य ऋषि-मुनियों से है। योग एक अमूल्य उपहार है। हमें प्रतिदिन योग करना चाहिए , यह तनाव और चिंताओं को दूर कर सकारात्मकता प्रदान करता है। आज के युग में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने योग दिवस को पूरे विश्व तक पहुंचाया है।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने कोलकाता में आयोजित राष्ट्र स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि 21 जून धरती के एक भूभाग पर सबसे बड़ा दिन होता है । आज के दिन मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विश्व का सबसे बड़ा सामूहिक उत्सव बन गया है। आज हर जगह देश योग की ऊर्जा से जगमगा रहा है। योग सभी को जोड़ता है और पूरे मानव समुदाय को एक सूत्र में बांधता है।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए कहा कि विवेकानंद जी ने पूरे विश्व को भारतीय संस्कृति से परिचित कराया। हमारा पूरा जीवन ही योग है। यह केवल शारीरिक श्रम का साधन नहीं, बल्कि आत्मा की चेतना का आधार है। विश्व के बेहतर भविष्य के लिए योग आवश्यक है। हम सभी संकल्प लें कि योग को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि इसे जीवनशैली बनाएंगे।
अतिथियों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
इसके पश्चात कार्यक्रम में सभी उपस्थित जनों ने योगासन किये। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों, आयुष विभाग के कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन श्री शैलेन्द्र व्यास ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्र खत्री ने किया।