उज्जैन,कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह एवं सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कुमट ने सोमवार रात्रि को जिला चिकित्सालय चरक भवन का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह सबसे पहले अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर से जानकारी प्राप्त की और ड्यूटी चार्ट का अवलोकन किया। इमरजेंसी वार्ड का विस्तृत निरीक्षण करने के बाद उन्होंने स्टाफ को अनिवार्य रूप से यूनिफॉर्म पहनने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल में संचालित सभी लिफ्टों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि लिफ्ट कंपनी द्वारा उचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है तो संबंधित कंपनी के विरुद्ध कार्यवाही की जाए तथा लिफ्ट का हैंडओवर शीघ्र लिया जाए।
कलेक्टर ने अस्पताल में ड्रेनेज व्यवस्था की समस्या का शीघ्र निराकरण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बर्थ वेटिंग एवं पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड का निरीक्षण किया तथा इन वार्डों को नियमित रूप से उपयोग में लाने के सख्त निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने लेबर रूम एवं प्रतीक्षालय का भी निरीक्षण किया।
लिफ्ट रखरखाव में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कंपनी को टर्मिनेट करने तथा नई कंपनी के चयन के लिए टेंडर जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
चरक अस्पताल के मुख्य मार्ग एवं द्वार पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने पुरुष मेडिकल वार्ड का भी निरीक्षण किया तथा सभी फ्लोर पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने अस्पताल स्टाफ को निर्देश दिए कि सामान्य प्रसव को अधिक से अधिक बढ़ावा दिया जाए।
इसके लिए आयुर्वेदिक उपचारों एवं आयुर्वेद चिकित्सकों से परामर्श लिया जाए।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस करने के भी निर्देश दिए गए।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल, सिविल सर्जन डॉ. संगीता पलसानिया, आरएमओ डॉ. चिन्मय चिंचोलीकर और स्वास्थ्य विभाग के नर्सिंग स्टाफ सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।