उज्जैन, थाना नागदा क्षेत्र अंतर्गत एक सूने मकान में अज्ञात बदमाशों द्वारा ताला तोड़कर नगदी एवं सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की गंभीर वारदात को अंजाम दिया गया था। फरियादी द्वारा थाना नागदा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके मकान से सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी चोरी हो गई है। उक्त सूचना पर थाना नागदा में अपराध क्रमांक 334/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (देहात) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नागदा के मार्गदर्शन में लगभग 10 सदस्यीय विशेष पुलिस टीम (SIT) का गठन किया गया तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गए माल की बरामदगी हेतु विशेष अभियान प्रारंभ किया गया।
*🔹पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही :-*
सूने मकान में हुई चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। गठित टीम द्वारा लगातार 07 दिनों तक दिन-रात मेहनत करते हुए नागदा, उज्जैन, खाचरौद, इंदौर, महिदपुर सहित विभिन्न मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के सैकड़ों घंटों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया।
लगातार प्रयासों एवं तकनीकी जांच के परिणामस्वरूप पुलिस टीम द्वारा मुख्य आरोपी *रतलामसिंह उर्फ रत्तु (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम सिगनुर, थाना गोगांवा जिला खरगोन* को थाना सनावद क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य दो साथियों *दीपक सिकलीगर एवं शिवराज पिता हरपाल निवासी गंधवानी जिला धार* के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों द्वारा वारदात से पूर्व क्षेत्र की रेकी की जाती थी तथा सूने एवं बंद मकानों को चिन्हित कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।
*🔹मशरूका बरामदगी :-*
गिरफ्तार आरोपी के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम इनपुन पुनर्वास, थाना सनावद क्षेत्र में छिपाकर रखे गए चोरी के माल को बरामद किया गया।
*बरामद मशरूका में—*
▪️ सोने के आभूषण (अनुमानित कीमत लगभग 06 लाख रुपये)
▪️ नगद राशि 70,000 रुपये
शामिल है।
*फरार आरोपियों की तलाश जारी :-*
प्रकरण में शामिल अन्य दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। शीघ्र ही शेष आरोपियों की गिरफ्तारी एवं अन्य चोरी गए माल की बरामदगी की संभावना है।
*🔹सराहनीय भूमिका :-*
उक्त महत्वपूर्ण चोरी की वारदात के सफल खुलासे एवं आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक अमृतलाल गवरी (थाना प्रभारी नागदा), निरीक्षक आशा सोलंकी (फिंगर प्रिंट प्रभारी), उप निरीक्षक विरेन्द्र चौहान, उप निरीक्षक योगिता उपाध्याय, सहायक उप निरीक्षक अरविन्द गनावा, प्रधान आरक्षक विनोद माली, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, प्रधान आरक्षक रोहित मालवीय, आरक्षक कृष्णा बैरागी, मिथुन प्रजापत, रोहित, शेरसिंह, पंकज गर्ग, संदीप एवं अखिलेश (डॉग स्क्वॉड) की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।