उज्जैन, मंगलवार को कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह द्वारा प्रशासनिक संकुल भवन के सभा कक्ष में विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।
महिदपुर निवासी जगदीश पिता छगनलाल ने आवेदन दिया कि वे दोनों पैरों से निशक्त हैं और गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हैं। वे स्वयं का व्यवसाय करना चाहते हैं, अतः उन्हें शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। इस पर संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उज्जैन निवासी कविता तोलवानी ने आवेदन दिया कि उन्होंने पिछले वर्ष उनके स्वामित्व के मकान को किराए पर दिया था। कुछ समय से किराएदार द्वारा उनके साथ अनावश्यक विवाद कर अवधि बीत जाने के बाद भी भवन खाली नहीं किया जा रहा है। प्रार्थिया वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांग महिला हैं तथा उन्हें किराएदार के द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इस पर एसडीएम कोठी महल को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
तराना के ग्राम गावड़ी निवासी चंदा बाई ने आवेदन दिया कि वे गांव में कच्चे मकान में निवास करती हैं तथा मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभ दिलवाया जाए। इस पर अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उज्जैन निवासी अवधनरेश ने आवेदन दिया कि शहर की तिरुपती धाम कॉलोनी में सिवर लाइन अक्सर ब्लॉक हो जाती है, जिस वजह से स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी हो रही है। कॉलोनी के निवासियों ने पूर्व में कई बार शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इस पर आयुक्त नगरपालिका निगम को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
महिदपुर निवासी जानकीलाल ने आवेदन दिया कि उनके घर के सामने एक व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर दीवार बना ली गई है, जिससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा सीवर लाइन का पानी भी रुक रहा है। इस वजह से घर के आस-पास काफी गंदगी हो गई है। इस पर सीएमओ महिदपुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार एडीएम श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।