उज्जैन,चिकित्सालय में रविवार को जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ विधायक श्री अनिल जैन कालुहेड़ा के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
उल्लेखनीय है कि पल्स पोलियो अभियान भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देश को पोलियो मुक्त बनाए रखना है। इस अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा (Oral Polio Vaccine) पिलाई जाती है। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों में पोलियो वायरस से सुरक्षा प्रदान करती है। नियमित पल्स पोलियो अभियानों से भारत वर्ष 2014 में पोलियो मुक्त घोषित हो चुका है, लेकिन निरंतर सतर्कता बनाए रखने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर श्री कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट, श्री संजय अग्रवाल, सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। विधायक, कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत ने उपस्थित बच्चों को स्वयं पोलियो की दवा पिलाई और अभियान को सफल बनाने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि 28 जून 2026 को जिला चिकित्सालय में शुभारंभ के दौरान पोलियो की दवा पीने से वंचित बच्चों को 29 एवं 30 जून 2026 को घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। जिले में कुल 2,79,293 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के दौरान ईंट भट्ठे, निर्माण स्थल, झुग्गी-झोपड़िया एवं घुमक्कड़ आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे। स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य टीमों द्वारा व्यापक स्तर पर घर-घर सर्वेक्षण किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार पाल, शिशुरोग विशेषज्ञ डॉ. अनिता भिलवार, आर.एम.ओ. डॉ. चिन्मय चिंचोलिकर, चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि जैन, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. आदित्य माथुर सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्टाफ उपस्थित थे।
