महाकाल थाना पुलिस की तत्परता से परिवार से बिछड़ी महिला एक घंटे में परिजनों से मिली

उज्जैन, श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने जबलपुर से अपने परिवार के साथ आई मनीषा पति संतोष बर्मन दर्शन के दौरान अत्यधिक भीड़ के कारण अपने परिजनों से बिछड़ गई। परिवार से अलग होने के बाद महिला घबराहट की स्थिति में मंदिर परिसर के आसपास भटक रही थी। इसी दौरान एक सजग नागरिक ने महिला को परेशान अवस्था में देखकर सुरक्षित थाना महाकाल पहुंचाया।

थाना महाकाल में सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गगन बादल के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह चौहान एवं प्रधान आरक्षक मनीष यादव द्वारा महिला से पूछताछ कर उसके परिजनों की जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया गया। महिला घबराहट के कारण अपने परिजनों का मोबाइल नंबर अथवा अन्य आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी।

🔹महिला के परिजनों का शीघ्र पता लगाने के उद्देश्य से थाना पुलिस द्वारा तत्काल सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों पर महिला का फोटो प्रसारित कराया गया। इसके साथ ही श्री महाकालेश्वर मंदिर कंट्रोल रूम के माध्यम से महिला के संबंध में लगातार उद्घोषणा (अनाउंसमेंट) कराई गई, जिससे उसके परिजनों तक सूचना शीघ्र पहुंच सके।

पुलिस के त्वरित एवं समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप लगभग एक घंटे के भीतर महिला के परिजनों का पता लगाकर उन्हें थाना महाकाल बुलाया गया। आवश्यक सत्यापन उपरांत महिला को सकुशल उसके परिवारजनों के सुपुर्द किया गया।

अपनी परिजन को सुरक्षित पाकर परिवारजनों ने महाकाल थाना पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता एवं मानवीय कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उज्जैन पुलिस का आभार व्यक्त किया। उज्जैन पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।