सीईओ जिला पंचायत ने की जनसुनवाई, 181 आवेदको ने दिए आवेदन

उज्जैन, शासन के निर्देशानुसार मंगलवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में जनसुनवाई का आायेजन किया गया। कलेक्‍टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट ने जनसमस्‍या से संबंधित आवेदन लिए एवं संबंधित विभाग प्रमुखों को प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में बड़नगर निवासी संगीता ने आवेदन दिया कि ग्राम झितरखेड़ी में उनकी पैतृक कृषि भूमि थी। उनके परिवार के कुछ लोगों द्वारा छलपूर्वक जमीन का बंटवारा किया गया है तथा अपने नाम फर्जी तरीके से नामांतरण करवा लिया गया है। अतः इसे निरस्त किया जाए। आवेदन पर एसडीएम राजस्व घट्टिया को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

बड़नगर निवासी गजेन्द्र यादव ने आवेदन दिया कि ग्राम भेसलाकला में उनके स्वामित्व की कृषि भूमि के बंटवारा आवेदन किए जाने के पश्चात अभी तक जमीन का बंटवारा नहीं किया गया है। आवेदन पर तहसीलदार बड़नगर को जांच कर शीघ्र-अतिशीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

माकड़ौन निवासी देवीलाल ने आवेदन दिया कि उनकी कृषि भूमि पर आवागमन के मुख्य मार्ग पर गांव के कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया गया है तथा मार्ग अवरुद्ध कर लिया गया है। इस वजह से उन्हें आवागमन में बहुत असुविधा हो रही है तथा कृषि कार्य करने में भी बहुत परेशानी आ रही है। इस वजह से उनकी फसल को भी काफी क्षति पहुंची है। आवेदन पर तहसीलदार माकड़ौन को मामले की जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में एडीएम श्री अत्येन्द्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।